Gold Buying: सोने (Gold) में निवेश को लेकर लोगों की दिलचस्पी बढ़ती जा रही है। युवा हों या बुजुर्ग हर कोई सोने में निवेश कर रहा है। आंकड़े बता रहे हैं कि युवाओं का सोने के प्रति क्रेज तेजी से बढ़ा है। कंज्यूमर रिसर्च फर्म स्मिटेन पल्स AI (Smytten PulseAI) के सर्वे के मुताबिक, करीब 62% जेनरेशन Z और मिलेनियल्स अब भी इसे सबसे सुरक्षित निवेश विकल्प मानते हैं। वहीं म्यूचुअल फंड, स्टॉक मार्केट और क्रिप्टो काफी पीछे रह गए हैं।
बिजनेस स्टैंडर्ड में छपी खबर के मुताबिक, इस सर्वे में 18 से 39 साल के 5,000 लोगों से बातचीत की गई। यह रिपोर्ट बताती है कि भरोसा अब भी सोने पर कायम है, लेकिन खरीदने का तरीका बदल रहा है। अब युवा पारंपरिक पारिवारिक फैसलों के बजाय खुद छोटे-छोटे अमाउंट में सोना खरीद रहे हैं। कुल मिलाकर युवा अब सोना खरीदने का फैसला ले रहे हैं। भले ही वो कम मात्रा में खरीद रहे हों।
युवा 5 ग्राम से कम खरीद रहे हैं सोना
करीब 66.7% लोगों ने कहा कि आज वे सोना खरीदने (Gold Investment) का फैसला खुद लेते हैं। वहीं 61.9% ने बताया कि उनकी हालिया खरीद 5 ग्राम से कम की थी। इसका मतलब है कि सोना अब सिर्फ शादी-ब्याह तक सीमित नहीं रह गया है। यह शुरुआती कमाई से जुड़ा एक फ्लेक्सिबल सेविंग टूल बन गया है।
गोल्ड बना पहली पसंद
सर्वे के मुताबिक, अगर आज 25,000 रुपये निवेश करने हों, तो 61.9% लोग सोना चुनेंगे। इसके मुकाबले म्यूचुअल फंड को 16.6%, फिक्स्ड डिपॉजिट को 13%, शेयर बाजार को 6.6% और क्रिप्टो को सिर्फ 1.9% लोगों ने प्राथमिकता दी। आर्थिक अनिश्चितता के समय 65.7% युवाओं ने माना कि सोना ही सबसे सुरक्षित विकल्प लगता है। लोगों का कहना है कि बैंक बचत, म्यूचुअल फंड या इक्विटी की तुलना में सोना उन्हें सबसे सुरक्षित विकल्प लगता है। यह ट्रेंड दर्शाता है कि जेन जी और मिलेनियल्स दोनों के लिए सोना अब भी वित्तीय सुरक्षा का प्रमुख सहारा बना हुआ है।
जेन जी में दिखी आत्मनिर्भरता
फैसले लेने में पीढ़ीगत फर्क भी दिखा। 42.3% लोगों ने कहा कि घर में हालिया सोना खरीदने की शुरुआत उन्होंने खुद की, जबकि 40% ने माना कि माता-पिता या बड़े सदस्यों का रोल रहा। जेन जी में ज्यादा आत्मनिर्भरता दिखी है। वहीं मिल्लेनियल्स अभी भी सोने को परिवार की लंबी सुरक्षा से जोड़कर देखते हैं।
पहली सैलरी मिलते ही खरीदा सोना
सर्वे के परिणाम बताते हैं कि पहली सैलरी या शुरुआती आय मिलने के बाद बहुत से युवा इसे सोने में निवेश के रूप में खरीदते हैं। लगभग 24.3% ने कहा कि पहली सैलरी मिलते ही उन्होंने सोना खरीदा। जबकि 23.9% ने इसे निवेश विकल्प के रूप में लिया। इससे यह भी पता चलता है कि युवा अब सोने को केवल आभूषण की तरह नहीं देखते, बल्कि निवेश का बेहतरीन विकल्प मान रहे हैं।