Gold Rate: फेस्टिव सीजन में सोने और चांदी की खरीदारी करने की योजना बना रहे लोगों के लिए चौंकाने वाली खबर सामने आई है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के बाजारों में सोने और चांदी के दामों में अचानक जोरदार तेजी दर्ज की गई है। वैश्विक तनाव और अंतरराष्ट्रीय बाजार में मचे उथल-पुथल के कारण सोना एक बार फिर पांच महीने के अपने हाई लेवल पर पहुंच गया है।
पांच महीने हाई लेवल पर सोना
अखिल भारतीय सर्राफा संघ के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले 10 ग्राम सोने के दाम में 900 रुपये की बढ़ोतरी दर्ज हुई। इसके साथ ही अब यह सभी टैक्स सहित 1,64,400 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच चुका है। शुक्रवार को यही भाव 1,63,500 रुपये था। इससे पहले सोने में यह तेजी 9 मार्च को देखी गई थी, जब भाव 1,64,300 रुपये के करीब थे। अचानक आई इस तेजी ने खुदरा खरीदारों की चिंता बढ़ा दी है।
चांदी की भी बढ़ रही चमक
सिर्फ सोना ही नहीं, बल्कि चांदी की चमक भी खरीदारों की जेब पर भारी पड़ रही है। पिछले तीन कारोबारी सत्रों से जारी बढ़त के सिलसिले को आगे बढ़ाते हुए चांदी 3,500 रुपये महंगी हो गई। इस भारी उछाल के बाद अब एक किलोग्राम चांदी की कीमत 2,53,500 रुपये तक जा पहुंची है। इससे पहले के सत्र में चांदी 2,50,000 रुपये पर थी। चार महीने पहले यानी 17 अप्रैल को चांदी ने 2,53,000 रुपये का स्तर छुआ था।
सोने की कीमतों में क्यों आ रही तेजी?
बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, इस तेजी की मुख्य वजह वैश्विक भू-राजनीतिक हालात हैं। लेमन मार्केट्स डेस्क के रिसर्च हेड गौरव गर्ग ने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के चलते कमजोर होते डॉलर और सुरक्षित निवेश के प्रति निवेशकों के बढ़ते रुझान ने कीमतों को हवा दी है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हाजिर सोना एक प्रतिशत बढ़कर 4,646.54 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया, जबकि चांदी 69 डॉलर प्रति औंस पर स्थिर बनी रही। वहीं, कोटक सिक्योरिटीज की कमोडिटी रिसर्च एवीपी कायनात चैनवाला का भी मानना है कि वैश्विक हाजिर बाजार में मजबूती के चलते यह स्तर 4,650 डॉलर प्रति औंस के करीब बना हुआ है।
महंगाई तय करेगी सोने की दिशा
मार्केट एनालिस्टों ने संकेत दिया है कि आने वाले समय में सोने-चांदी की दिशा केवल वैश्विक तनाव से तय नहीं होगी। सर्राफा कारोबारियों का मानना है कि अब आगे का रुख भू-राजनीति से ज्यादा महंगाई के आंकड़ों और केंद्रीय बैंकों के फैसलों पर निर्भर करेगा।