Gold Silver Rate Today 19 December: आज घरेलू कमोडिटी बाजार में सोने की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई। बैंक ऑफ जापान (BOJ) की तरफ से बेंचमार्क ब्याज दरों में बढ़ोतरी के बाद निवेशकों ने मुनाफावसूली की। इसके साथ ही अमेरिका में महंगाई के आंकड़ें उम्मीद से कम आए, जिससे सोने पर दबाव पड़ा। जापानी केंद्रीय बैंक ने नीतिगत दर को 0.75% तक बढ़ा दिया है, जो सितंबर 1995 के बाद का सबसे ऊंचा स्तर है। यह फैसला बाजार की उम्मीदों के मुताबिक था, लेकिन इससे येन कैरी ट्रेड करने वाले निवेशकों पर असर पड़ेगा। आपको बता दें कि सोना महंगाई के खिलाफ एक सुरक्षित निवेश माना जाता है।
MCX Gold Silver Rate Today
कारोबारी सप्ताह के आखिरी दिन यानी शुक्रवार को मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर फरवरी की डिलीवरी वाला सोना 0.56% की गिरावट के साथ 1,33,772 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था, जबकि मार्च डिलीवरी वाली चांदी 0.26% लुढ़ककर 2,03,034 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई।
इंटरनेशनल मार्केट में भी गिरावट
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने की कीमत में गिरावट दर्ज की गई है। इसके पीछे की वजह अमेरिका में महंगाई के कम आंकड़े और डॉलर इंडेक्स में थोड़ी मजबूती है। डॉलर इंडेक्स 0.10% चढ़कर एक हफ्ते के ऊपरी स्तर के करीब पहुंच गया, जिससे सोने की चमक फीकी पड़ गई।
कॉमेक्स गोल्ड-सिल्वर आउटलुक
एक्सिस सिक्योरिटीज ने कहा, 'सोने की कीमतें पिछले कारोबारी सत्र में कई हफ्तों के हाई लेवल 4,370 डॉलर तक चढ़ गईं। इसका मुख्य कारण अमेरिकी आर्थिक आंकड़े रहे, जिन्होंने फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों में और कटौती की उम्मीदों को मजबूत किया। नवंबर में अमेरिका में महंगाई दर घटकर 2.7 प्रतिशत पर आ गई। यह अनुमान से कम थी। वहीं कोर महंगाई दर 2.6 प्रतिशत पर पहुंच गई, जो मार्च 2021 के बाद का सबसे निचला स्तर है। बाजार में जनवरी में दर कटौती की सिर्फ 25 प्रतिशत संभावना है, लेकिन अप्रैल तक इसमें कटौती का अनुमान है।
दूसरी तरफ, चांदी की कीमतें रिकॉर्ड 66.8 डॉलर के लेवल से प्रॉफिट बुकिंग के कारण गिर गईं और 1 प्रतिशत से ज्यादा गिरकर 66 डॉलर से नीचे बंद हुईं। फिर भी निकट भविष्य में चांदी का रुख पॉजिटिव बना हुआ है। बशर्ते कीमतें 64 डॉलर के स्तर से ऊपर टिकी रहें। आगे चलकर 2026 में भी बाजार में कमी बनी रहने की उम्मीद है, क्योंकि इंडस्ट्रीयल डिमांड फिर से बढ़ रही है, सोलर एनर्जी के इस्तेमाल में तेजी है और सप्लाई में ज्यादा बढ़ोतरी नहीं हो रही।'