Gold Silver Price: सर्राफा बाजार में इन दिनों जबरदस्त हलचल देखने को मिल रही है। अगर आप आने वाले त्योहारी या शादी के सीजन के लिए सोने-चांदी के गहने खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो बाजार की इस रफ्तार में आपकी जेब का बजट बिगड़ सकता है। अगस्त के पहले 15 दिनों में कीमती धातुओं के दाम आसमान छूते नजर आए हैं। महज 12 दिनों के भीतर घरेलू बाजार में सोना 10,000 रुपये प्रति 10 ग्राम तक महंगा हो गया, जबकि चांदी की कीमतों में 16,000 रुपये प्रति किलोग्राम तक का भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई। हालांकि, तेज बढ़त के बाद मुनाफावसूली के चलते दामों में हल्की गिरावट भी देखने को मिली है।
अगस्त में सोना चांदी में जबरदस्त उछाल
दरअसल, 31 जुलाई से शुरू हुई इस तेजी ने निवेशकों को हैरान कर दिया। इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) के आंकड़ों के मुताबिक, 24 कैरेट सोने की कीमत 12 अगस्त को बढ़कर करीब 1.53 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई। वहीं, चांदी ने भी लंबी तेजी के साथ ₹2.35 लाख प्रति किलोग्राम का आंकड़ा छू लिया। 8 अगस्त को खत्म हुए कारोबारी हफ्ते में ही सोना 7,064 रुपये और चांदी 14,094 रुपये महंगी हो गई थी। इस साल यानी 2026 में अब तक सोने की कीमतों में कुल 20,000 रुपये की तेजी आ चुकी है, जबकि साल की शुरुआत में यह 1.33 लाख रुपये के आसपास कारोबार कर रहा था।
किस वजह से सोने और चांदी के दाम में आई तेजी?
सोने और चांदी की कीमतों में आई इस तूफानी तेजी के पीछे ग्लोबल लेवल पर बने कई बड़े कारण रहे। अमेरिका में महंगाई दर (CPI) जुलाई में घटकर 3.4% पर आ गई, जिससे अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेड की तरफ से ब्याज दरों में बढ़ोतरी की संभावना काफी कम हो गई। इसके अलावा, अमेरिकी जॉब मार्केट के कमजोर आंकड़ों ने ब्याज दरों पर नरम रुख के संकेतों को और मजबूत किया। इसके साथ ही, होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव ने निवेशकों को सुरक्षित निवेश के तौर पर सोने की तरफ आकर्षित किया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कॉमेक्स (COMEX) सोना $4,200 प्रति औंस का स्तर पार करने के बाद $4,467 प्रति औंस के उच्च स्तर तक जा पहुंचा।
मुनाफा वसूली से कीमतों पर लगा ब्रेक
लगातार आई तेजी के बाद 14 अगस्त को बाजार में बिकवाली का दबाव देखा गया। ऊंचे स्तरों पर निवेशकों ने मुनाफावसूली शुरू की, जिससे कॉमेक्स पर सोना 1.01% गिरकर $4,375.60 प्रति औंस और चांदी 1.34% फिसलकर $64.120 प्रति औंस पर आ गई। घरेलू वायदा बाजार (MCX) में 13 अगस्त को अक्टूबर गोल्ड फ्यूचर्स 1,53,373 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी ₹2,35,850 प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी।