
Gold Silver Price Today 23 February 2026: अंतराराष्ट्रीय बाजार के बाद घरेलू कमोडिटी बाजार में भी सोना-चांदी की कीमतों में तूफानी तेजी देखने को मिल रही है। सोमवार, 23 फरवरी को सुबह सोना ने 2 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की। वहीं, चांदी के भाव में 6 लगभग 16,000 रुपये रुपये प्रति किलो का उछाल आया है। यह बढ़ोतरी डॉलर में तेज गिरावट और अमेरिका ईरान के बीच तनाव के बीच देखी जा रही है। डॉलर इंडेक्स 0.45% लुढ़ककर 97.36 के स्तर पर आ गया, जिससे अन्य मुद्राओं में सोना-चांदी की कीमत सस्ती हुई है। लिहाजा दोनों कीमती धातुओं के भाव में जोरदार उछाल आया है। हालांकि, गोल्ड-सिल्वर प्राइस में उछाल के पीछे अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ता तनाव भी एक महत्वपूर्ण कारण है।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर 23 फरवरी को अप्रैल की कॉन्ट्रैक्ट डिलीवरी वाला सोना 3,700 रुपये या 2.4% के उछाल के साथ 1,60,600 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर पहुंच गया। वहीं, MCX पर मार्च की कॉन्ट्रैक्ट डिलीवरी वाली चांदी 6% से ज्यादा या 15,931 रुपये की बढ़ोतरी के साथ 2,68,875 के प्रति किलो के स्तर पर पहुंच गई।
अगर अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने-चांदी के भाव की बात करें, तो सोमवार को 2.03% उछाल के साथ 5,184.10 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर पहुंच गया। वहीं, स्पॉट सिल्वर 5.91% की बढ़ोतरी के साथ 87.210 डॉलर प्रति औंस के भाव पर ट्रेड कर रही थी।
जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के कमोडिटी रिसर्च हेड हरीश वी ने कहा, 'मजबूत डॉलर और ब्याज दरों को लेकर बदलती उम्मीदों की वजह से आने वाले दिनों में सोने-चांदी में बहुत तेज उछाल पर कुछ हद तक लगाम लग सकती है। लेकिन तनाव लगातार बढ़ता रहा तो निवेशकों का रिस्क से बचने वाला ट्रेंड बना रहेगा। इससे सोने और चांदी की कीमतों में और बढ़ोतरी हो सकती है। उन्होंने कहा, “जब भू-राजनीतिक तनाव या युद्ध जैसी स्थिति बनती है, तो निवेशक आमतौर पर सोने और चांदी की ओर रुख करते हैं। ये धातुएं कैपिटल को सुरक्षित रखती हैं, बाजार की अस्थिरता से बचाव करती हैं और जब करेंसी या शेयर बाजार में अनिश्चितता छा जाती है, तो ये सबसे भरोसेमंद विकल्प बन जाती हैं।'
दरअसल, पिछले दिनों अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को सख्त चेतावनी दी थी। उन्होंने कहा था कि अमरिका के साथ ईरान को एक अर्थपूर्ण समझौता करना होगा। अगर ऐसा नहीं होता है तो ईरान को गंभीर खामियाजा भुगतना पड़ सकता है। ट्रंप ने साफ कहा था कि अगले 10-15 दिन बहुत महत्वपूर्ण होने वाले हैं। इस दौरान पता चल जाएगा कि कोई डील हो पाती है या नहीं। इस बीच ईरान की कई यूनिवर्सिटीज में छात्रों ने बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिए हैं।
दूसरी तरफ, सोने-चांदी की कीमतों में पिछले सप्ताह जोरदार उछाल आया। निवेशक सुरक्षित निवेश की ओर अपना रुख कर रहे हैं। इसका पीछे का बड़ा कारण अमेरिका-ईरान तनाव ही रहा। इसके अलावा, अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने ट्रंप की तरफ लगाए गए टैरिफ को अंतरराष्ट्रीय आर्थिक आपातकालीन शक्तियां अधिनियम (IEEPA)के तहत अवैध करार दे दिया। कोर्ट ने 6-3 के बहुमत से यह फैसला सुनाया। लेकिन ट्रंप ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले के तुरंत बाद अमेरिका के सभी व्यापारिक साझेदार देशों पर 15 प्रतिशत का नया टैरिफ लगा दिया है। इससे ग्लोबल स्तर पर अनिश्चितता बढ़ गई है, जिसने सोने चांदी की कीमतों का समर्थन किया है।
पृथ्वीफिनमार्ट कमोडिटी रिसर्च के मनोज कुमार जैन ने कहा, 'सोना- चांदी की कीमतें पिछले हफ्ते बहुत ज्यादा उतार-चढ़ाव दिखाने के साथ ऊपर गईं। अमेरिका-ईरान तनाव और सुप्रीम कोर्ट के टैरिफ वाले फैसले की वजह से लोग सुरक्षित जगह तलाश रहे थे। ट्रंप ने ईरान को डील करने के लिए 10-15 दिन का समय दिया है और मिडिल ईस्ट में तनाव बढ़ रहा है। चीन भी अमेरिका के किसी भी सैन्य कार्रवाई का विरोध कर रहा है।'
उन्होंने आगे कहा, ‘सुप्रीम कोर्ट ने 6-3 के बहुमत से निचली अदालत का फैसला बरकरार रखा और ट्रंप के टैरिफ को खारिज कर दिया। लेकिन इसके बाद राष्ट्रपति ने ग्लोबल लेवल पर 15% टैरिफ लगा दिए, जिससे दुनिया भर के वित्तीय बाजारों में अनिश्चितता फैल गई और कीमती धातुओं की कीमतों को बल मिला।’ जैन ने कहा, ‘इस हफ्ते सोना-चांदी की कीमतें काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। डॉलर इंडेक्स में हलचल, अमेरिका-ईरान तनाव और चीन के बाजारों की लंबी छुट्टी के बाद फिर से खुलना,ये सब मिलकर कीमतों को प्रभावित करेंगे।’
डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल केवल जानकारी के लिए है। ऊपर दिए गए विचार और सिफारिशें, व्यक्तिगत विश्लेषकों या ब्रोकिंग कंपनियों के हैं, न कि मिंट के। हम निवेशकों को सलाह देते हैं कि वे कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले प्रमाणित विशेषज्ञों से जांच करें।
Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.
Oops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.