Gold-Silver price today 12 April 2026: अगर आप सोना या चांदी खरीदने का प्लान बना रहे हैं, तो आज का दिन थोड़ा सोच-समझकर फैसला लेने वाला है। बाजार में इन दिनों कीमतें ऊंचे स्तर पर बनी हुई हैं और हर दिन हल्का-फुल्का उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। 12 अप्रैल को भी सोने-चांदी के रेट लगभग स्थिर रहे, लेकिन यह स्थिरता अपने आप में एक बड़ा संकेत है कि कीमतें अभी भी ऊंचे लेवल पर टिके रहने की कोशिश कर रही हैं। इस बीच आइये जानें आज कितना है सोने-चांदी का ताजा भाव।
आज 12 अप्रैल को सोने का भाव
आज सुबह 10:24 बजे तक के आंकड़ों के अनुसार, भारत में 24 कैरेट सोने की औसत कीमत ₹152,890 प्रति 10 ग्राम चल रही है। वहीं, ज्वेलरी बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाले 22 कैरेट सोने का दाम ₹140,149 के करीब है। चांदी की बात करें तो इंडियन बुलियन एसोसिएशन (IBA) के मुताबिक, 999 फाइन सिल्वर की कीमत ₹244,230 प्रति किलोग्राम पर बनी हुई है।
रिकॉर्ड तोड़ बढ़त
अगर हम पिछले कुछ सालों के आंकड़ों पर नजर डालें, तो सोने ने पिछले साल 1979 के बाद का सबसे शानदार 'बुल रन' देखा है। कीमतों में लगभग 75% से ज्यादा का उछाल आया। भारत में इस साल की शुरुआत में सोना ₹1.35 लाख के करीब था, जो मार्च आते-आते ₹1.57 लाख के पार निकल गया। हालांकि बीच में मुनाफावसूली की वजह से दाम थोड़े गिरे, लेकिन अब फिर से कीमतों में मजबूती देखी जा रही है। चांदी ने तो और भी चौंकाया है, जो 2023-24 में ₹78,600 के आसपास थी, आज ₹2.44 लाख के पार खड़ी है।
क्यों बढ़ रहे हैं सोने के दाम?
ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका और ईरान के बीच चल रही बातचीत और अस्थिर सीजफायर ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने को एक 'सेफ हेवन' बना दिया है। जब दुनिया में युद्ध जैसे हालात होते हैं, तो शेयर बाजार गिरता है और सोने की डिमांड बढ़ जाती है। यही वजह है कि होर्मुज संकट और खाड़ी युद्ध ने सोने-चांदी को एक नई ऊंचाई पर पहुंचा दिया है।
क्या अभी खरीदना सही है?
कीमतें फिलहाल स्थिर हैं, लेकिन वैश्विक हालात को देखते हुए इनमें कभी भी बड़ा उछाल आ सकता है। एक्सपर्ट्स की मानें तो अगर आप शादी-ब्याह के लिए सोना खरीदना चाहते हैं, तो छोटे-छोटे अंतराल पर खरीदारी करना एक समझदारी भरा फैसला हो सकता है।
डिस्क्लेमर: यह लेख केवल शैक्षिक उद्देश्यों के लिए है। ऊपर दिए गए विचार और सिफारिशें व्यक्तिगत विश्लेषकों या ब्रोकिंग कंपनियों के हैं, न कि मिंट के। हम निवेशकों को सलाह देते हैं कि वे कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले प्रमाणित विशेषज्ञों से जांच करें।