Gold Silver Rate Today 24 December: घरेलू कमोटिडी बाजार में सोना और चांदी हर रोज नया रिकॉर्ड बना रहे हैं। बुधवार, 24 दिसंबर को मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर एक बार फिर दोनों मेटल्स रिकॉर्ड हाई पर पहुंच गए। यह उछाल अमेरिकी फेडरल रिजर्व की तरफ से जनवरी में ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद और डॉलर के कमजोर होने से आया है। MCX पर फरवरी की डिलीवरी वाला सोना 0.42 फीसदी चढ़कर 1,38,469 रुपये प्रति 10 ग्राम के ऑलटाइम हाई पहुंच गया। वहीं, मार्च डिलीवरी वाली चांदी लगभग 2 फीसदी उछलकर 2,23,742 रुपये प्रति किलोग्राम के नए उच्चतम स्तर पर पहुंच गई।
इंटरनेशनल मार्केट में भी रिकॉर्ड हाई पर सोना
इंटरनेशनल मार्केट में भी सोने की कीमतें पहली बार 4,500 डॉलर प्रति औंस के पार निकल गईं अगले साल फेड से और दर कटौती की उम्मीदों से सुरक्षित निवेश की मांग बढ़ रही है। फेड फैक्टर के अलावा डॉलर की कमजोरी और अमेरिका-वेनेजुएला के बीच तनाव भी सोने की इस तेजी के बड़े कारण हैं। बता दें कि अमेरिका ने वेनेजुएला के तेल टैंकरों पर रोक लगा दी है, जिससे जियो-पॉलिटिकल रिस्क बढ़ गया है।
डॉलर इंडेक्स में गिरावट
रिलायंस सिक्योरिटीज के सीनियर रिसर्च एनालिस्ट जिगर त्रिवेदी ने कहा, 'मार्केट 2026 में दो दर कटौती की उम्मीद कर रहा है। क्योंकि महंगाई और नौकरियों की स्थिति नरम हो रही है। वहीं, अमेरिका और वेनेजुएला के बीच तनाव बढ़ने से सुरक्षित निवेश की मांग और मजबूत हुई है।' डॉलर इंडेक्स 0.20 फीसदी गिरकर लगभग तीन महीने के निचले स्तर पर आ गया, जिससे विदेशी मुद्राओं में सोना थोड़ा सस्ता हो गया है।
प्रमुख शहरों में आज सोने का भाव
गुडरिटर्न्स के मुताबिक, बुधवार चेन्नई में 24 कैरेट सोना 1,39,640 रुपये और 22 कैरेट सोना 1,28,000 रुपये पर बेचा जा रहा है। राजधानी दिल्ली में 24 कैरेट सोने का भाव 1,39,080 रुपये, जबकि 22 कैरेट सोना 1,27,500 रुपये प्रति 10 ग्राम बिक रहा है। वहीं मुंबई, कोलकाता, बेंगलुरु, हैदराबाद, केरल और पुणे में 24 कैरेट सोना 1,38,930 रुपये और 22 कैरेट सोना 1,27,350 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर दर्ज किया गया। वडोदरा और अहमदाबाद में आज 24 कैरेट सोने की कीमत 1,38,980 रुपये और 22 कैरेट सोने की कीमत 1,27,400 रुपये प्रति 10 ग्राम चल रही है।