Gold-Silver Rate Outlook: फिर महंगा होगा सोना! क्या चांदी के भाव भी बढ़ेंगे? क्या कहते हैं एक्सपर्ट्स

Gold-Silver rate: सोने की कीमतों में मजबूती बने रहने के संकेत हैं, जबकि तेज उछाल के बाद चांदी में स्थिरता आ सकती है। वैश्विक आर्थिक आंकड़े, डॉलर की चाल और ब्याज दरों की उम्मीदें आने वाले दिनों में कीमती धातुओं की दिशा तय करेंगी।

Priya Shandilya( विद इनपुट्स फ्रॉम भाषा)
अपडेटेड18 Jan 2026, 09:04 PM IST
क्या सोने-चांदी के भाव चढ़ेंगे? (सांकेतिक तस्वीर)
क्या सोने-चांदी के भाव चढ़ेंगे? (सांकेतिक तस्वीर)

Gold-Silver rate Outlook: सोना और चांदी एक बार फिर निवेशकों के बीच चर्चा में हैं। जब बाजार में अनिश्चितता बढ़ती है, तो निवेशकों का झुकाव अक्सर सुरक्षित विकल्पों की ओर हो जाता है। इस हफ्ते को लेकर भी कुछ ऐसा ही माहौल दिख रहा है। विश्लेषकों का मानना है कि सोने में मजबूती का सिलसिला जारी रह सकता है, जबकि हालिया तेज उछाल के बाद चांदी की चाल थोड़ी थमती हुई नजर आ सकती है।

सोने को कौन-कौन से फैक्टर दे रहे हैं सपोर्ट

विश्लेषकों के मुताबिक सुरक्षित निवेश की बढ़ती मांग और अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ओर से नीतिगत दरों में कटौती की उम्मीदें सोने के लिए मजबूत आधार बना रही हैं। इसके अलावा वैश्विक स्तर पर जारी होने वाले अहम आर्थिक आंकड़े भी निवेशकों की रणनीति तय करेंगे। इनमें महंगाई के आंकड़े, निजी उपभोग व्यय सूचकांक, जीडीपी ग्रोथ और बेरोजगारी से जुड़े डेटा शामिल हैं।

अगले हफ्ते किन संकेतों पर रहेगी नजर

जेएम फाइनेंशियल सर्विसेज के उपाध्यक्ष (जिंस एवं मुद्रा शोध) प्रणव मेर के अनुसार, चीन से आने वाले आर्थिक आंकड़े खासतौर पर औद्योगिक धातुओं के लिए अहम रहेंगे। इसके साथ ही वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम में डोनाल्ड ट्रंप का संबोधन और व्यापार शुल्क से जुड़ा अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट का फैसला भी बाजार की दिशा को प्रभावित कर सकता है।

MCX और ग्लोबल मार्केट में रिकॉर्ड

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर बीते सप्ताह सोने के वायदा भाव 2.7 प्रतिशत यानी 3,698 रुपये चढ़े। इस दौरान बुधवार को सोना 1,43,590 रुपये प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच गया। मेर ने कहा, “कमजोर रुपये और सुरक्षित निवेश की मांग ने घरेलू बाजार में सोने को सपोर्ट दिया, हालांकि ऊंचे स्तर पर मुनाफावसूली के चलते शुक्रवार को थोड़ी नरमी भी देखने को मिली।”

अंतरराष्ट्रीय बाजार में कॉमेक्स पर सोने का वायदा भाव 2.09 प्रतिशत बढ़कर 4,595.4 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुआ। सप्ताह के दौरान यह 4,650.50 डॉलर प्रति औंस के रिकॉर्ड स्तर तक भी पहुंचा।

क्या और महंगा होगा सोना?

एंजेल वन के उपाध्यक्ष (शोध) प्रथमेश माल्या का कहना है कि भू-राजनीतिक तनाव, कमजोर डॉलर, कम बॉन्ड यील्ड और केंद्रीय बैंकों की लगातार खरीद से सोने को मजबूत समर्थन मिल रहा है। उनके मुताबिक एमसीएक्स पर सोने के भाव 1,46,000 रुपये प्रति 10 ग्राम और वैश्विक बाजार में 4,750 डॉलर प्रति औंस तक जा सकते हैं।

चांदी की कीमतों का क्या है रुझान?

जहां तक चांदी की बात है, तो बीते सप्ताह इसमें जोरदार तेजी देखने को मिली। एमसीएक्स पर चांदी के भाव करीब 14 प्रतिशत यानी 35,037 रुपये बढ़कर 2,92,960 रुपये प्रति किलो के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गए। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी चांदी 11.6 प्रतिशत चढ़कर 88.53 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुई।

क्या चांदी की कीमतों में आएगा ठहराव

विश्लेषकों का मानना है कि इतनी लंबी तेजी के बाद चांदी में सीमित दायरे में कारोबार या हल्का सुधार देखने को मिल सकता है। हालांकि दीर्घकालिक रुझान अब भी सकारात्मक बना हुआ है। इनक्रेड मनी के सीईओ विजय कुप्पा के अनुसार, चांदी में थोड़ी ठहराव या हल्की गिरावट आना स्वाभाविक है और इससे लंबे समय के ट्रेंड पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ेगा।

डिस्क्लेमर: यह लेख केवल शैक्षिक उद्देश्यों के लिए है। ऊपर दिए गए विचार और सिफारिशें व्यक्तिगत विश्लेषकों या ब्रोकिंग कंपनियों के हैं, न कि मिंट के। हम निवेशकों को सलाह देते हैं कि वे कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले प्रमाणित विशेषज्ञों से जांच करें।

Get Latest real-time updates

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

बिजनेस न्यूज़मनीGold-Silver Rate Outlook: फिर महंगा होगा सोना! क्या चांदी के भाव भी बढ़ेंगे? क्या कहते हैं एक्सपर्ट्स
More
बिजनेस न्यूज़मनीGold-Silver Rate Outlook: फिर महंगा होगा सोना! क्या चांदी के भाव भी बढ़ेंगे? क्या कहते हैं एक्सपर्ट्स