Gold Silver Rate Today 20 April 2026: भारतीय कमोडिटी बाजार में सोमवार, 20 अप्रैल को बड़ी हलचल देखने को मिल रही है। हफ्ते के पहले ही कारोबारी दिन मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने और चांदी की कीमतों में जोरदार गिरावट दर्ज की गई। दरअसल, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आई भारी उछाल और डॉलर की मजबूती ने सुरक्षित निवेशक की मांग को कम किया है, जिससे घरेलू बाजार में मुनाफावसूली का दौर शुरू हो गया है।
MCX पर आज सोने चांदी का भाव
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर आज के शुरुआती कारोबार में जून की कॉन्ट्रैक्ट डिलीवरी वाला सोना 1% की गिरावट के साथ 1,53,030 प्रति 10 ग्राम के भाव पर पहुंच गया, जबकि शुक्रवार को 154609 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर बंद हुआ था। इसी तरह, MCX पर मई की कॉन्ट्रैक्ट डिलीवरी वाली चांदी 1.55% की बड़ी गिरावट के साथ 2,53,168 रुपये प्रति किलो के भाव पर पहुंच गई, जबकि पिछले कारोबारी सत्र में यह 257142 रुपये प्रति किलो के भाव पर बंद हुई थी।
इस वजह से सोने-चांदी की कीमतों में आई गिरावट
सोने चांदी की कीमतों में गिरावट के पीछे सबसे बड़ी वजह डॉलर इंडेक्स में आई तेजी है। यह 0.30% मजबूत हुआ है। दरअसल, ग्लोबल मार्केट में जब कच्चे तेल की कीमतें बढ़ती हैं, तो अमेरिकी डॉलर की मांग में भी इजाफा होता है। इसके पीछे का कारण अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तेल का व्यापार मुख्य रूप से डॉलर में होना है। सोमवार को ब्रेंट क्रूड 5% से अधिक उछलकर 95 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा है। यह उछाल ईरान की तरफ से होर्मुज जलडमरूमध्य फिस से बंद करने की चेतावनी देने के बाद आया है।
मिडिल ईस्ट वार के दौरान 5% लुढ़का सोना
बता दें कि अमेरिका और ईरान के बीच 28 फरवरी को संघर्ष शुरू हुआ था। तब से अब तक स्पॉट मार्केट में सोने की कीमतें लगभग 5% लुढ़क चुकी हैं। हालांकि, लॉन्ग टर्म में यह साल 2025 में 75% का बंपर रिटर्न दिया था। वहीं, इस साल यानी 2026 में अब तक 14% की बढ़त हासिल की है। फिलहाल दोनों देशों के बीच दो सप्ताह का सीजफायर एग्रीमेंट मंगलवार को समाप्त हो रहा है, लेकिन हालात अभी भी नाजुक बने हुए हैं।