Google Pay Flex SBI Card: डिजिटल पेमेंट को और आसान बनाने के लिए एसबीआई कार्ड (SBI Card) और गूगल पे (Google Pay) ने नया Google Pay Flex SBI Card (गूगल पे फ्लेक्स एसबीआई कार्ड) लॉन्च किया है। यह को-ब्रांडेड क्रेडिट कार्ड रोजमर्रा के खर्चों पर रिवॉर्ड, आसान EMI और गूगल पे (Google Pay) ऐप के जरिए पूरी तरह डिजिटल कार्ड मैनेजमेंट की सुविधा देगा।
इसके साथ ही पूरा कार्ड मैनेजमेंट गूगल पे ऐप के जरिए किया जा सकेगा। कंपनी का कहना है कि इस कार्ड का मकसद ग्राहकों को तेज, सुरक्षित और आसान भुगतान का अनुभव देना है। इस क्रेडिट कार्ड के जरिए ग्राहक किराना, बिजली-पानी के बिल, ऑनलाइन शॉपिंग, ट्रैवल बुकिंग, UPI पेमेंट और अन्य दैनिक खर्चों पर रिवॉर्ड कमा सकेंगे।
रोजमर्रा के खर्च पर मिलेंगे रिवॉर्ड
कंपनी के मुताबिक, ग्राहक एक साल में 18,000 Stars तक रिवॉर्ड कमा सकते हैं। सामान्य तौर पर हर ₹500 के खर्च पर 1 Star मिलेगा। तय खर्च पूरा करने पर यह बढ़कर 4 Stars और 8 Stars प्रति ₹500 तक हो सकता है। सबसे खास बात यह है कि 1 Star = ₹1 के बराबर होगा। ग्राहक Google Pay ऐप में UPI पेमेंट करते समय इन Stars को तुरंत रिडीम भी कर सकेंगे।
₹1,000 तक का वेलकम बेनिफिट
नए कार्ड पर कंपनी वेलकम बेनिफिट भी दे रही है।
- Google Pay से पहला पेमेंट करने पर ₹500 का वेलकम गिफ्ट
- जॉइनिंग फीस जमा करने पर ₹500 के बराबर अतिरिक्त Stars
यानी नए कार्डधारकों को कुल ₹1,000 तक का वेलकम बेनिफिट मिल सकता है।
RuPay और VISA दोनों विकल्प
Google Pay Flex SBI Card को RuPay और VISA दोनों नेटवर्क पर लॉन्च किया गया है। RuPay वेरिएंट को सीधे UPI से लिंक किया जा सकता है। इससे ग्राहक देशभर के लाखों UPI मर्चेंट्स पर क्रेडिट कार्ड के जरिए भुगतान कर सकेंगे। दोनों वेरिएंट Google Pay पर Tap-to-Pay सुविधा भी सपोर्ट करेंगे।
Google Pay ऐप से ही होगा पूरा कंट्रोल
इस कार्ड की सबसे बड़ी खासियत इसका डिजिटल अनुभव है।
ग्राहक Google Pay ऐप के जरिए—
- कार्ड के लिए आवेदन कर सकेंगे।
- बिल का भुगतान कर सकेंगे।
- रिवॉर्ड पॉइंट्स देख और रिडीम कर सकेंगे।
- कार्ड मैनेज कर सकेंगे।
- जरूरत पड़ने पर बिल को EMI में बदल सकेंगे।
EMI की भी सुविधा
अगर किसी महीने बिल ज्यादा आ जाता है, तो ग्राहक अपने लेटेस्ट आउटस्टैंडिंग बिल को आसान EMI में भी बदल सकेंगे। इससे एक साथ बड़ी रकम चुकाने का दबाव कम होगा।
कितनी है फीस?
जॉइनिंग फीस: ₹499 + टैक्स
एनुअल रिन्यूअल फीस: ₹499 + टैक्स
अगर कार्डधारक एक साल में ₹1 लाख या उससे अधिक खर्च करते हैं, तो अगली साल की रिन्यूअल फीस माफ कर दी जाएगी।
कंपनियों ने क्या कहा?
एसबीआई कार्ड की मैनेजिंग डायरेक्टर और चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर सलिला पांडे ने कहा कि यह कार्ड ग्राहकों के लिए सुविधाजनक, सुरक्षित और रिवॉर्ड आधारित भुगतान अनुभव देने के उद्देश्य से लॉन्च किया गया है।
वहीं गूगल पे के सीनियर डायरेक्टर शरथ बुलुसु ने कहा कि इस साझेदारी का मकसद डिजिटल क्रेडिट को यूपीआई जितना आसान और अधिक लोगों तक पहुंचाना है, ताकि ग्राहकों को तुरंत आवेदन, आसान भुगतान और इंस्टेंट रिवॉर्ड का लाभ मिल सके।