
GST 2.0: आज से भारत में जीएसटी 2.0 लागू हो गया है जिसमें 5% और 18% की नई दरें हैं। 12% और 28% की दरों को हटा दिया गया है। लग्जरी वस्तुओं पर 40% का टैक्स लगेगा जबकि रोजमर्रा की वस्तुएं टैक्स फ्री रहेंगी। इलेक्ट्रॉनिक वस्तुओं पर टैक्स 28% से घटकर 18% होने से वे सस्ती होंगी। मोबाइल और लैपटॉप पर जीएसटी दर 18% ही रहेगी। इसका सबसे बड़ा असर इलेक्ट्रॉनिक सेक्टर पर पड़ेगा। एयर कंडीशनर, रेफ्रीजरेटर, वॉशिंग मशीन, डिशवॉशर और बड़ी स्क्रीन वाली टीवी पर पहले 28% का टैक्स लगता था, जो अब 18% टैक्स के दायरे में आ गए हैं। ऐसे में यह सभी चीजें अब सस्ती हो जाएंगी, जिससे देश के मध्यमवर्गीय परिवार भी इन्हें आसानी से खरीद सकेंगे।
फाइनेंशियल एक्सप्रेस में छपी खबर के मुताबिक, गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स (GST) कटौती के बाद टेलीविजन (टीवी) की कीमतों में 2,500 रुपये से 85,000 रुपये तक की कमी हो गई है। उपभोक्ताओं को जीएसटी कटौती का फायदा मिलने लगा है। टीवी बनाने वाली कंपनियों ने फेस्टिव सीजन में अच्छी बिक्री की उम्मीद जताई है। खपत को बढ़ावा देने के मकसद से जीएसटी काउंसिल ने माल एवं सेवा कर (GST) की दरों में कटौती करने का फैसला किया था।
रिपोर्ट के मुताबिक, सोनी इंडिया ने अपने 43 इंच से 98 इंच स्क्रीन साइज़ वाले ब्राविया टीवी मॉडल्स की अधिकतम रिटेल दाम 5,000 रुपये से 71,000 रुपये तक कम कर दिया है। कंपनी पहले ही 43-इंच ब्राविया 2 की कीमतें 59,900 रुपये से घटाकर 54,900 रुपये और 55-इंच ब्राविया 7 की कीमतें 2.30 लाख रुपये से घटाकर 2.50 लाख रुपये कर चुकी है।
इसी तरह, सोनी इंडिया का 98-इंच स्क्रीन साइज़ वाला इसका टॉप-एंड ब्राविया 5 की कीमत 9 लाख रुपये की बजाय 8.29 लाख रुपये हो गई है। एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया ने 43 इंच से 100 इंच स्क्रीन साइज वाले अपने टीवी सेट की कीमतों में 2,500 रुपये से 85,800 रुपये तक की कटौती की घोषणा की है। एलजी ने 43 इंच स्क्रीन साइज वाले मॉडल की कीमत 30,990 रुपये से घटाकर 28,490 रुपये कर दी है।
पैनासोनिक ने 43 इंच के टीवी की कीमत 3,000 रुपये से 4,700 रुपये तक कम कर दी है, उनकी एमआरपी को 36,990 रुपये, 49,990 रुपये और 58,990 रुपये से 33,990 रुपये, 45,990 रुपये और 54,290 रुपये कर दिया है। इसी तरह पैनासोनिक के 55 इंच वाले मॉडल की कीमत अब 65,990 रुपये से 76,990 रुपये के बीच है, जो 7,000 रुपये कम है। पैनासोनिक लाइफ सॉल्यूशंस इंडिया के टॉप-एंड 75 इंच वाले मॉडल की कीमत 4 लाख रुपये से घटाकर 3.68 लाख रुपये और 65 इंच वाले टॉप-एंड मॉडल की 3.20 लाख रुपये से घटाकर 2.94 लाख रुपये कर दी गई है।
GST की दरें कम होने से मोबाइल फोन और लैपटॉप की कीमतों पर कोई असर नहीं पड़ेगा। यह चीजें पहले की तरह 18% टैक्स के दायरे में ही आएंगी। इसके पीछे की वजह है कि मोबाइल और लैपटॉप मैन्युफैक्चरिंग कंपनियां पहले से प्रोडक्शन लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) स्कीम का लाभ उठा रही हैं। वहीं, आयात शुल्क समायोजन के बाद इन्हें 18% टैक्स स्लैब में रखा गया था। अब इनपर टैक्स कम करना घाटे का सौदा साबित हो सकता था।
Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.