HDFC Debit Card Lounge Access: एचडीएफसी बैंक ने अपने डेबिट कार्ड ग्राहकों के लिए मुफ्त एयरपोर्ट लाउंज एक्सेस से जुड़े नियमों में बदलाव की घोषणा की है। यह बदलाव 10 जनवरी 2026 से लागू होगा। नए नियमों के तहत अब फिजिकल डेबिट कार्ड स्वाइप करने की जगह वाउचर आधारित सिस्टम लागू किया जाएगा, जिससे लाउंज में प्रवेश की प्रक्रिया को आसान और सुविधाजनक बनाया जा सके।
अभी तक HDFC बैंक के डेबिट कार्ड धारकों को अगर एक तिमाही में कम से कम 5,000 रुपये खर्च करने होते थे, तो वे अगली तिमाही में एयरपोर्ट लाउंज का इस्तेमाल कर सकते थे। इसके लिए एयरपोर्ट लाउंज पर जाकर सिर्फ अपना फिजिकल डेबिट कार्ड स्वाइप करना होता था। लेकिन 10 जनवरी 2026 से यह प्रक्रिया बदल जाएगी।
क्या कहते हैं नए नियम?
नए नियमों के अनुसार, अब ग्राहकों को एक कैलेंडर तिमाही में कम से कम 10,000 रुपये खर्च करने होंगे। यह खर्च पूरा करने के बाद ग्राहक को दो कार्यदिवस के भीतर उनके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर या ईमेल आईडी पर एक SMS या ईमेल मिलेगा। इसमें एक लिंक होगा, जिस पर क्लिक करके लाउंज एक्सेस का वाउचर क्लेम करना होगा।
वाउचर क्लेम करने के बाद ग्राहक के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी पर 12 से 18 अंकों का एक वाउचर कोड या QR कोड भेजा जाएगा। एयरपोर्ट लाउंज में प्रवेश के समय इसी कोड या QR कोड को दिखाना जरूरी होगा। बैंक ने साफ किया है कि 10 जनवरी 2026 के बाद फिजिकल डेबिट कार्ड के जरिए लाउंज में प्रवेश की सुविधा पूरी तरह बंद कर दी जाएगी।
हालांकि, Infiniti डेबिट कार्ड धारकों के लिए खर्च की यह 10,000 रुपये वाली शर्त लागू नहीं होगी। उन्हें बिना किसी खर्च की शर्त के लाउंज एक्सेस की सुविधा मिलती रहेगी। अगर कोई ग्राहक किसी तिमाही जैसे जनवरी से मार्च, अप्रैल से जून, जुलाई से सितंबर या अक्टूबर से दिसंबर के बीच कम से कम 10,000 रुपये खर्च करता है, तो उसे दो वर्किंग डेज के भीतर SMS या ईमेल के जरिए वाउचर क्लेम करने का लिंक मिल जाएगा।
लाउंज वाउचर की वैधता उसके जारी होने की तारीख से अगली तिमाही के अंत तक होगी। उदाहरण के तौर पर, अगर वाउचर 15 नवंबर 2025 को मिला है, तो उसकी वैधता 31 मार्च 2026 तक होगी। अगर वाउचर 10 जनवरी 2026 को मिलता है, तो वह 30 जून 2026 तक मान्य रहेगा। वहीं अगर वाउचर 31 मार्च 2026 को जारी होता है, तो उसकी वैधता भी 30 जून 2026 तक होगी।
कैसे क्लेम करें वाउचर?
वाउचर क्लेम करने की प्रक्रिया भी आसान रखी गई है। खर्च की शर्त पूरी होने पर ग्राहक को SMS या ईमेल के जरिए एक लिंक मिलेगा। इस लिंक पर क्लिक करने के बाद रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से लॉगिन करना होगा और OTP के जरिए पहचान सत्यापित करनी होगी।
OTP वेरिफिकेशन के बाद ग्राहक वाउचर से जुड़ी जानकारी देख सकेगा और “क्लेम नाउ” विकल्प पर क्लिक करके दोबारा OTP डालकर वाउचर क्लेम कर पाएगा। सफलतापूर्वक वाउचर क्लेम होने के बाद ग्राहक को SMS और ईमेल के जरिए वाउचर कोड या QR कोड भेज दिया जाएगा, जिसका इस्तेमाल एयरपोर्ट लाउंज में प्रवेश के लिए किया जा सकता है।