एचडीएफसी बैंक अपने प्रीमियम Infinia मेटल क्रेडिट कार्ड के नियमों में बदलाव करने जा रहा है। बैंक ने बताया है कि 1 फरवरी, 2026 से इस कार्ड पर मिलने वाले रिवॉर्ड पॉइंट्स को अब एक महीने में अधिकतम 5 बार ही इस्तेमाल किया जा सकेगा। पहले ऐसी चर्चा थी कि यह लिमिट 3 बार की जा सकती है, लेकिन फिलहाल बैंक ने इसे 5 बार ही रखा है। यह बदलाव उन लोगों के लिए खास है, जो फ्लाइट टिकट, होटल बुकिंग, Apple प्रोडक्ट्स या ज्वेलरी खरीदने में रिवॉर्ड पॉइंट्स का ज्यादा इस्तेमाल करते हैं। आइए पूरी खबर को विस्तार से जानते हैं।
यहां सरल शब्दों में समझें पूरा मामला
सरल शब्दों में समझें तो Infinia कार्ड से हर 150 रुपये खर्च करने पर 5 रिवॉर्ड पॉइंट्स मिलते हैं। अगर आप एचडीएफसी बैंक के SmartBuy प्लेटफॉर्म से शॉपिंग या बुकिंग करते हैं, तो आपको 10 गुना तक ज्यादा पॉइंट्स भी मिल सकते हैं। लेकिन पॉइंट्स इस्तेमाल करने की भी सीमा तय है। एक स्टेटमेंट साइकिल में आप अधिकतम 2 लाख रुपये तक के रिवॉर्ड पॉइंट्स रिडीम कर सकते हैं। वहीं, फ्लाइट, होटल और एयरमाइल्स के लिए यह सीमा 1.5 लाख रुपये प्रति माह रखी गई है।
70% तक पॉइंट्स से चुका सकते हैं
अगर आप Apple के प्रोडक्ट या Tanishq के वाउचर खरीदना चाहते हैं, तो आप कुल बिल का 70 पर्सेंट तक रिवॉर्ड पॉइंट्स से चुका सकते हैं। बाकी रकम आपको कार्ड से देनी होगी। इसके अलावा, हर महीने 50,000 रिवॉर्ड पॉइंट्स तक ही स्टेटमेंट बैलेंस के खिलाफ इस्तेमाल किए जा सकते हैं। एक और जरूरी बात यह है कि अगर आपने 365 दिन तक कार्ड का इस्तेमाल नहीं किया, तो आपके जमा हुए रिवॉर्ड पॉइंट्स खत्म हो सकते हैं।
डेबिट कार्ड ग्राहकों के लिए नया नियम
एचडीएफसी बैंक ने अपने डेबिट कार्ड ग्राहकों के लिए भी एक नया नियम लागू किया है। बता दें कि 10 जनवरी, 2026 से जिन लोगों का तीन महीने में कुल खर्च 10,000 रुपये या उससे ज्यादा होगा, उन्हें एयरपोर्ट लाउंज एक्सेस के लिए SMS या ईमेल के जरिए लिंक मिलेगा। उस लिंक पर क्लिक करके वाउचर क्लेम किया जा सकेगा।
क्या है Infinia मेटल क्रेडिट कार्ड
बता दें कि Infinia मेटल क्रेडिट कार्ड आम लोगों के लिए नहीं होता। यह एक खास इनवाइट पर मिलने वाला कार्ड है। बैंक खुद तय करता है कि किस ग्राहक को यह कार्ड मिलेगा। कार्ड मिलने पर 12,500 रिवॉर्ड पॉइंट्स वेलकम बेनिफिट के तौर पर मिलते हैं। हालांकि, यह कार्ड फ्री नहीं है। इसके लिए 12,500 रुपये जॉइनिंग फीस और हर साल 12,500 रुपये रिन्यूअल फीस देनी होती है। कुल मिलाकर, HDFC Bank इस बदलाव के जरिए रिवॉर्ड सिस्टम को थोड़ा नियंत्रित और साफ-सुथरा बनाना चाहता है, ताकि कार्ड का इस्तेमाल बेहतर तरीके से हो सके।