आधार नवजात बच्चे से लेकर बुजुर्ग तक कोई भी व्यक्ति बनवा सकता है। हर भारतीय नागरिक के लिए आधार कार्ड होना ज़रूरी माना गया है। यह पहचान पत्र और पते के प्रमाण के रूप में उपयोग होता है, इसलिए इसकी जानकारी सही और अपडेट रहना बहुत जरूरी है। जब किसी संस्था में पहचान के लिए आधार कार्ड दिया जाता है, तो कई बार यह सवाल उठता है कि आधार असली है या नहीं, इसे कैसे जांचा जाए।
UIDAI (भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण) के अनुसार, आधार की सत्यता ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरीकों से जांची जा सकती है। इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) और PIB की जानकारी के अनुसार आधार सत्यापन के तरीके निम्न हैं:
क्या है ऑनलाइन तरीका?
आप आधार नंबर दर्ज करके आधारधारक की उम्र का समूह, लिंग, राज्य और मोबाइल नंबर के आखिरी 3 अंक सत्यापित कर सकते हैं। इसके लिए वेबसाइट पर जाएं: https://myaadhaar.uidai.gov.in/verifyAadhaar
जानिए ऑफलाइन तरीका
प्रत्येक आधार कार्ड, आधार पत्र और ई-आधार में एक Secure QR कोड होता है। इस QR कोड में व्यक्ति का नाम, लिंग, जन्मतिथि, पता और फोटो सहित अन्य विवरण होते हैं। यह जानकारी UIDAI द्वारा डिजिटल रूप से साइन की हुई होती है, इसलिए फोटो बदली होने पर भी QR कोड से असली जानकारी मिल जाती है।
QR कोड की जांच ‘Aadhaar QR Scanner’ ऐप से की जा सकती है, जो Play Store और App Store पर उपलब्ध है। PIB के अनुसार, UIDAI सलाह देता है कि कर्मचारी, घरेलू मददगार, ड्राइवर रखने या किसी को घर किराए पर देने से पहले आधार की जांच जरूर करें। आम लोग भी किसी व्यक्ति की पृष्ठभूमि की पुष्टि के लिए जरूरत पड़ने पर आधार सत्यापित कर सकते हैं।