LPG Booking Process: अब 25 दिन बाद कर पाएंगे नए सिलेंडर की बुकिंग, यहां जानें फटाफट बुक करने का तरीका

LPG Booking Process: मिडिल ईस्ट संकट के बीच सरकार ने LPG बुकिंग का नियम बदल दिया है। अब एक सिलेंडर के बाद दूसरा 25 दिन बाद ही बुक होगा। पैनिक बुकिंग से बचें और व्हाट्सऐप, मिस्ड कॉल या ऐप्स के जरिए आसानी से गैस बुक करें। यहां पढ़ें सिलेंडर बुकिंग का तरीका।

Priya Shandilya
अपडेटेड11 Mar 2026, 03:10 PM IST
अब 25 दिन बाद ही बुक होगा नया सिलेंडर, यहां जानें फटाफट बुक करने का तरीका
अब 25 दिन बाद ही बुक होगा नया सिलेंडर, यहां जानें फटाफट बुक करने का तरीका(PTI)

LPG Booking Process: आज के समय में रसोई गैस यानी LPG सिलेंडर हमारे जीवन की सबसे बुनियादी जरूरतों में से एक है। लेकिन पिछले कुछ दिनों से दुनिया के हालात, खासकर मिडिल ईस्ट में इजरायल-ईरान के बीच बढ़ते तनाव ने भारत की रसोई से जुड़ी चिंताएं भी बढ़ा दी हैं। युद्ध की खबरों के बीच कई जगह लोगों ने घबराकर जरूरत से ज्यादा सिलेंडर बुक करना शुरू कर दिया। हालात को देखते हुए सरकार को गैस बुकिंग के नियमों में बदलाव करना पड़ा।

ऐसे में उपभोक्ताओं के लिए यह जानना जरूरी हो गया है कि नया नियम क्या है और गैस सिलेंडर को जल्दी और आसान तरीके से कैसे बुक किया जा सकता है।

नया नियम: अब 21 नहीं, 25 दिन का लॉक-इन

सरकार ने पैनिक बुकिंग और कालाबाजारी को रोकने के लिए रीफिल बुकिंग के नियमों को थोड़ा कड़ा कर दिया है। पहले आप एक सिलेंडर लेने के 15 या 21 दिन बाद दूसरा सिलेंडर बुक कर सकते थे, लेकिन अब यह न्यूनतम समय सीमा (वेटिंग पीरियड) बढ़ाकर 25 दिन कर दी गई है। इसका सीधा मतलब यह है कि अगर आपने आज सिलेंडर लिया है, तो अगला सिलेंडर आप 25 दिन पूरे होने के बाद ही बुक कर पाएंगे। हालांकि सरकार ने साफ किया है कि देश में एलपीजी की सप्लाई पर्याप्त है और घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता दी जाएगी। तेल कंपनियों का कहना है कि फिलहाल किसी तरह की कमी नहीं है, लेकिन वैश्विक हालात को देखते हुए सावधानी बरतना जरूरी है।

फटाफट बुकिंग के 4 आसान तरीके

बदले हुए नियमों के बीच यह जरूरी है कि आप सही समय पर और सही तरीके से बुकिंग करें। यहां हम आपको 4 ऐसे तरीके बता रहे हैं जिनसे आप चुटकियों में अपना सिलेंडर बुक कर सकते हैं।

व्हाट्सऐप पर मैसेज भेजकर बुक करें सिलेंडर

आजकल हर कोई व्हाट्सऐप चलाता है। अब आप बिना कॉल किए बस एक मैसेज से गैस मंगा सकते हैं। बस अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से नीचे दिए गए नंबरों पर मैसेज करें:

  • Indane: 7588888824 पर टाइप करें "REFILL" और भेज दें।
  • Bharat Gas: 1800224344 पर "Hi" लिखकर भेजें।
  • HP Gas: 9222201122 पर "Hi" लिखकर भेजें।

सिलेंडर बुक करने के लिए इस नंबर पर दें मिस्ड कॉल:

अगर आपके पास इंटरनेट नहीं है या आप स्मार्टफोन इस्तेमाल नहीं करते, तो भी सिलेंडर बुक करना बेहद आसान है। आप सिर्फ मिस्ड कॉल देकर भी अपनी गैस बुक करा सकते हैं। इसके लिए अलग-अलग गैस कंपनियों ने खास नंबर जारी किए हैं।

  • Indane के लिए 8454955555 पर मिस्ड कॉल देना होगा।
  • Bharat Gas के लिए 7710955555 नंबर पर मिस्ड कॉल करनी होती है।
  • HP Gas के लिए 9493602222 नंबर पर मिस्ड कॉल दी जा सकती है।

मिस्ड कॉल देने के बाद आपकी बुकिंग रजिस्टर हो जाती है और कन्फर्मेशन मैसेज भी मिल जाता है।

UPI ऐप से मिनटों में करें सिलेंडर बुकिंग:

आप Google Pay, PhonePe और Paytm जैसे ऐप्स के जरिए भी सिलेंडर बुक कर सकते हैं।

  • ऐप खोलें, 'Recharge & Pay Bills' में जाएं और 'Book a Cylinder' चुनें।
  • अपनी कंपनी और कंज्यूमर नंबर डालें। यहां बुकिंग के साथ-साथ आपको कई बार अच्छे डिस्काउंट या कैशबैक भी मिल जाते हैं।
  • इसके अलावा तेल कंपनियों के आधिकारिक ऐप भी मौजूद हैं जैसे IndianOil One, Hello HP और BharatGas App। इन ऐप्स के जरिए न सिर्फ सिलेंडर बुक किया जा सकता है बल्कि उसकी डिलीवरी भी ट्रैक की जा सकती है।

IVRS कॉल से गैस बुकिंग

अगर आप मोबाइल ऐप या व्हाट्सऐप इस्तेमाल नहीं करना चाहते, तो IVRS यानी ऑटोमेटेड फोन कॉल सिस्टम से भी सिलेंडर बुक कर सकते हैं। उदाहरण के तौर पर Indane गैस के लिए 7718955555 नंबर पर अपने रजिस्टर्ड मोबाइल से कॉल करना होता है। इसके बाद वॉइस इंस्ट्रक्शन को फॉलो करके रीफिल का विकल्प चुनना होता है और बुकिंग पूरी हो जाती है।

बुकिंग के समय ये 3 चीजें रखें पास

जल्दबाजी में अक्सर लोग गलती कर देते हैं। बुकिंग करते वक्त इन बातों का ख्याल रखें:

  • रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर: हमेशा उसी नंबर से बुकिंग करें जो आपकी गैस एजेंसी में दर्ज है।
  • 16 अंकों की LPG ID: अगर मोबाइल नंबर काम न करे, तो यह आईडी या आपका 'कंज्यूमर नंबर' काम आता है।
  • OTP (Delivery Authentication Code): आजकल सुरक्षित डिलीवरी के लिए आपके फोन पर एक कोड आता है। जब डिलीवरी वाला घर आए, तभी उसे यह कोड दें।

मिडिल ईस्ट के संकट की वजह से कच्चे तेल और गैस की सप्लाई पर दबाव जरूर है, लेकिन भारत सरकार पूरी कोशिश कर रही है कि आम जनता को परेशानी न हो। 25 दिन का नियम केवल इसलिए है ताकि गैस की बर्बादी और गलत इस्तेमाल न हो। इसलिए घबराएं नहीं, बस अपनी खपत का सही हिसाब रखें और समय पर ऊपर दिए गए स्मार्ट तरीकों से बुकिंग करें।

Get Latest real-time updates

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

होममनीLPG Booking Process: अब 25 दिन बाद कर पाएंगे नए सिलेंडर की बुकिंग, यहां जानें फटाफट बुक करने का तरीका
More