PAN Card Fraud Alert: आजकल ऑनलाइन फ्रॉड इतने बढ़ गए हैं कि कब किसकी जानकारी का गलत इस्तेमाल हो जाए, पता ही नहीं चलता। हाल ही में टीवी एक्टर अभिनव शुक्ला के साथ ऐसा हुआ, जब उनके पैन कार्ड का इस्तेमाल कर कई लोन ले लिए गए। उन्होंने सोशल मीडिया पर यह अनुभव साझा किया और लोगों को चेताया कि ऐसा किसी के साथ भी हो सकता है। इस घटना के बाद PAN कार्ड फ्रॉड पर चर्चा फिर से तेज हो गई है। आइए जानते हैं, कहीं आपके पैन कार्ड का भी गलत इस्तेमाल तो नहीं हो रहा, और अगर हो तो कैसे पकड़ें और कहां शिकायत करें।
PAN कार्ड क्यों है इतना अहम?
PAN कार्ड सिर्फ टैक्स भरने का दस्तावेज नहीं है, बल्कि यह आपकी पहचान और वित्तीय लेन-देन का आधार भी है। आयकर विभाग इसी से आपके टैक्स और फाइनेंशियल रिकॉर्ड ट्रैक करता है। यही वजह है कि इसका गलत इस्तेमाल सीधे आपकी आर्थिक सुरक्षा को खतरे में डाल सकता है।
PAN कार्ड फ्रॉड क्या है?
जब कोई आपके पैन कार्ड का इस्तेमाल करके लोन लेता है, फर्जी ट्रांजैक्शन करता है या आपकी पहचान बनकर अपराध करता है, तो इसे पैन कार्ड फ्रॉड कहते हैं। सबसे बड़ा खतरा यह है कि आपके नाम पर कर्ज चढ़ सकता है और आपकी क्रेडिट हिस्ट्री खराब हो सकती है। कई मामलों में लोगों को तब पता लगता है जब बैंक उन्हें किसी लोन की EMI या इनक्वायरी का मैसेज भेज देते हैं।
कैसे पता करें कि आपके PAN कार्ड का गलत इस्तेमाल हुआ है?
- किसी क्रेडिट ब्यूरो वेबसाइट पर जाकर अपना क्रेडिट स्कोर चेक करें।
- OTP वेरिफाई करने के बाद रिपोर्ट देखें।
- अगर रिपोर्ट में अनजान लोन या ट्रांजैक्शन दिखे, तो समझिए कि PAN का गलत इस्तेमाल हुआ है।
- बैंक स्टेटमेंट और ट्रांजैक्शन हिस्ट्री को भी नियमित रूप से जांचते रहें।
अगर फ्रॉड दिखे तो क्या करें?
- ऐसी स्थिति में तुरंत उस बैंक/संस्था से संपर्क करें जहां से संदिग्ध लोन या ट्रांजैक्शन दिख रहा है।
- इसके बाद नजदीकी पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज कराएं।
- आप चाहे तो इनकम टैक्स डिपार्टमेंट को भी इसकी जानकारी दे सकते हैं ताकि आगे की अनचाही दिक्कतें रोकी जा सकें।
PAN कार्ड फ्रॉड से बचने के तरीके
- ऑनलाइन किसी भी साइट पर PAN डालने से पहले देखें कि URL ‘https’ से शुरू हो रहा है।
- जहां भी PAN की फोटोकॉपी दे रहे हों, उसे ‘Self Attested’ लिखकर साइन करें और कारण भी लिख दें।
- Form 26AS और क्रेडिट स्कोर नियमित रूप से चेक करते रहें।
- संदिग्ध वेबसाइटों पर पूरा नाम, जन्मतिथि और PAN एंटर करने से बचें।
PAN कार्ड फ्रॉड की शिकायत कैसे करें?
- टैक्स इनफॉर्मेशन नेटवर्क की वेबसाइट पर जाएं,
- Customer Care → Complaints/Queries चुनें,
- Form भरकर सबमिट करें।
ऑनलाइन शिकायत दर्ज होने के बाद आपकी रिपोर्ट संबंधित विभाग तक पहुंच जाती है।