Life Insurance: आजकल की इस भागदौड़ भरी जिंदगी में लाइफ स्टाइल में तेजी से बदलाव आया है। ऐसे में लाइफ इंश्योरेंस एक जरूरी विकल्प बन गया है। इलाज में बढ़ते खर्च, बढ़ती महंगाई के बीच इंश्योरेंस से काफी मदद मिलती है। अगर आप बीमा करवा रहे हैं, तो बेस्ट कंपनी का चयन करना चाहिए। इसके लिए कई ऐसी बातें हैं, जिन्हें ध्यान रखना बेहद जरूरी है। कई बार लोग कम प्रीमियम वाली कंपनी को प्राथमिकता देते हैं, लेकिन उचित इंश्योरेंस कंपनी के चयन की यह सही रणनीति नहीं है। आइए बताते हैं कि इंश्योरेंस खरीदने से पहले कंपनी को किन-किन कसौटियों पर कसा जाना जरूरी है...
लाइफ इंश्योरेंस
अगर आपको जीवन बीमा लेना हो तो आपको उस कंपनी का चयन करना चाहिए जिसके ग्राहकों ने सबसे कम शिकायत की है। साथ ही, जिस कंपनी का क्लेम सेटलमेंट रिकॉर्ड बढ़िया हो और कस्टमर रिटेंशन ज्यादा हो, उससे ही लाइफ इंश्योरेंस लेना चाहिए। किसी कंपनी के ग्राहक अगर बार-बार अपना इंश्योरेंस रीन्यू करवा रहे हैं तो समझ लेना चाहिए कि कंपनी की सर्विस अच्छी है।
कंपनी का परसिस्टेंसी रेश्यो
किसी भी कंपनी से इंश्योरेंस खरीदने से पहले उस कंपनी का परसिस्टेंसी रेश्यो जरूर चेक करना चाहिए। परसिस्टेंसी रेश्यो एक तरह का प्रतिशत होता है, जिससे पता चलता है कि कितने पॉलिसीधारक समय पर प्रीमियम भरते रहते हैं और अपनी पॉलिसी को जारी रखते हैं। पॉलिसीधारक का लगातार प्रीमियम भरना और अपनी पॉलिसी को जारी रखना दर्शाता है कि कंपनी ग्राहकों को अच्छी सुविधा दे रही है और ग्राहक कंपनी से संतुष्ट हैं।
क्लेम सेटलमेंट रेश्यो
किसी भी कंपनी से इंश्योरेंस लेने से पहले एक बार कंपनी का क्लेम सेटलमेंट रेश्यो भी जरूर देख लेना चाहिए। क्लेम सेटलमेंट रेश्यो से पता चलता है कि कंपनी अपने पास आए कुल क्लेम में से कितने क्लेम का भुगतान करती है। ज्यादा क्लेम सेटलमेंट रेश्यो दर्शाता है कि कंपनी अपने ज्यादा क्लेम का भुगतान करती है।
सॉल्वेंसी रेश्यो चेक करें
इकोनॉमिक टाइम्स में छपी खबर के मुताबिक, किसी भी कंपनी से इंश्योरेंस लेने से पहले एक बार कंपनी का सॉल्वेंसी रेश्यो भी जरूर चेक करें। किसी भी कंपनी का सॉल्वेंसी रेश्यो बताता है कि कोई इंश्योरेंस कंपनी अपने सभी क्लेम समय पर चुकाने की वित्तीय क्षमता रखती है या नहीं। इस रेश्यो से कंपनी की लंबी अवधि की स्थिरता और मजबूती के बारे में पता चलता है। एक अच्छा सॉल्वेंसी रेश्यो का मतलब यह हुआ कि कंपनी अपने सभी क्लेम बिना किसी देरी के चुकाती है।