Unclaimed LIC amount: प्रीमियम भरते रहे और पैसा भूल गए? पुरानी LIC पॉलिसी से रकम कैसे मिलेगी, जानिए तरीका

Unclaimed LIC amount: कई घरों में LIC की पुरानी पॉलिसियां समय के साथ भुला दी जाती हैं, जिससे पैसा बिना दावे के रह जाता है। अब इसे ऑनलाइन चेक किया जा सकता है और सही प्रक्रिया अपनाकर वापस भी पाया जा सकता है।

Priya Shandilya
अपडेटेड17 Jan 2026, 03:50 PM IST
प्रीमियम भरते रहे और पैसा भूल गए? पुरानी LIC पॉलिसी से रकम कैसे मिलेगी, समझिए
प्रीमियम भरते रहे और पैसा भूल गए? पुरानी LIC पॉलिसी से रकम कैसे मिलेगी, समझिए

Unclaimed LIC amount: पॉलिसी ली, सालों तक प्रीमियम भरा और फिर सब कुछ भूल गए, ये कहानी बहुत से घरों की है। वक्त के साथ पता बदल गया, बैंक डिटेल्स अपडेट नहीं हुईं या नॉमिनी को ही जानकारी नहीं मिली। नतीजा ये हुआ कि LIC के पास आज भी ऐसे कई मामले हैं, जहां पैसा तैयार है लेकिन दावा करने वाला सामने नहीं है। अच्छी बात ये है कि ये पैसा खत्म नहीं होता, बस अनक्लेम्ड बनकर पड़ा रहता है। तो क्या ये पैसे निकाले जा सकते हैं? और अगर हां तो फिर क्या है तरीका, आइए जानते हैं।

ये अनक्लेम्ड अमाउंट है क्या?

जब किसी LIC पॉलिसी की मैच्योरिटी हो जाती है या पॉलिसीधारक के निधन के बाद क्लेम बनता है, लेकिन तय समय तक पैसा नहीं लिया जाता, तो वह रकम “अनक्लेम्ड अमाउंट” कहलाती है। बीमा नियामक IRDAI के नियमों के मुताबिक, अगर 12 महीने तक भुगतान नहीं हो पाता, तो LIC उस राशि को अनक्लेम्ड कैटेगरी में डाल देती है। इस दौरान पैसा सुरक्षित रहता है और उस पर ब्याज भी जुड़ता रहता है।

पैसा क्यों अटका रह जाता है?

ज्यादातर मामलों में वजह बहुत छोटी होती है। कभी पॉलिसीधारक ने एड्रेस बदल लिया, कभी बैंक अकाउंट बंद हो गया या अपडेट नहीं हुआ। कई बार परिवार वालों को ही नहीं पता चलता कि कोई पॉलिसी थी भी। इसी लापरवाही में साल गुजर जाते हैं और पैसा LIC के पास ही रह जाता है।

अगर 10 साल तक नहीं निकाले पैसे तो

अगर पैसा 10 साल तक क्लेम नहीं किया जाता है, तो LIC उसे सरकार के सीनियर सिटीजन्स वेलफेयर फंड में में भेज सकती है। लेकिन इसका मतलब ये नहीं कि पैसा हमेशा के लिए चला गया। सही दस्तावेज और पहचान के साथ बाद में दावा किया जा सकता है, बस प्रक्रिया थोड़ी ज्यादा लंबी हो जाती है।

नॉमिनी नहीं है तो पैसा मिलेगा या नहीं?

अगर पॉलिसी में दर्ज नॉमिनी अब मौजूद नहीं है, तब भी पैसा नहीं रुकता। ऐसे मामलों में पॉलिसीधारक के कानूनी वारिस जरूरी दस्तावेजों के साथ दावा कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें सक्सेशन सर्टिफिकेट देना होगा। इससे यह तय किया जाता है कि रकम सही व्यक्ति तक पहुंचे।

LIC में आपका पैसा है या नहीं कैसे पता करें?

अब इसके लिए LIC ऑफिस के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं। LIC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आप आसानी से चेक कर सकते हैं कि आपके या आपके परिवार के किसी सदस्य के नाम पर कोई अनक्लेम्ड राशि है या नहीं। LIC की वेबसाइट पर जाकर आप जान सकते हैं कि आपके नाम पर कोई बकाया राशि है या नहीं। इसके लिए चाहिए:

  • पॉलिसी नंबर (अगर है तो)
  • नाम और जन्मतिथि
  • पैन कार्ड नंबर

कुछ ही देर में पूरी जानकारी स्क्रीन पर आ जाती है।

पैसा वापस पाने का तरीका

अगर चेक करने पर पता चलता है कि कोई रकम बकाया है, तो अगला कदम है अपनी नजदीकी LIC ब्रांच जाना। ब्रांच जाकर आपको ये डॉक्यूमेंट्स जमा करने होंगे:

  • रिक्वेस्ट लेटर (क्लेम की मांग करते हुए)
  • KYC (आधार, पैन फोटोकॉपी)
  • बैंक डिटेल्स (कैंसिल चेक/पासबुक फोटोकॉपी)
  • ओरिजिनल बॉन्ड या इंडेम्निटी बॉन्ड

प्रक्रिया पूरी होने के बाद पैसा सीधे बैंक खाते में ट्रांसफर कर दिया जाता है।

Get Latest real-time updates

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

बिजनेस न्यूज़मनीUnclaimed LIC amount: प्रीमियम भरते रहे और पैसा भूल गए? पुरानी LIC पॉलिसी से रकम कैसे मिलेगी, जानिए तरीका
More
बिजनेस न्यूज़मनीUnclaimed LIC amount: प्रीमियम भरते रहे और पैसा भूल गए? पुरानी LIC पॉलिसी से रकम कैसे मिलेगी, जानिए तरीका