ATM Card Stuck: आज के डिजिटल दौर में हम सभी कैश के लिए एटीएम पर निर्भर हैं। लेकिन सोचिए, आप अपनी जरूरत के लिए पैसे निकालने गए और अचानक आपका एटीएम कार्ड मशीन में ही फंस गया। कार्ड फंसते ही सबसे पहला ख्याल मन में यही आता है कि कहीं कोई मेरा पैसा न निकाल ले या कार्ड का गलत इस्तेमाल न हो जाए।
एटीएम मशीन में कार्ड क्यों फंस जाता है
एटीएम मशीन में कार्ड फंसने के पीछे कई कारण हो सकते हैं। कई बार यह मशीन की तकनीकी खराबी या नेटवर्क की समस्या की वजह से होता है। इसके अलावा अगर कोई व्यक्ति बार-बार गलत पिन डालता है या ट्रांजैक्शन के दौरान मशीन में ज्यादा देर तक कार्ड लगा रहता है, तो भी मशीन सुरक्षा के तौर पर कार्ड को अपने अंदर ही रोक लेती है। कभी-कभी बिजली की समस्या या मशीन के सॉफ्टवेयर में गड़बड़ी होने की वजह से भी कार्ड मशीन में फंस सकता है।
अगर आपके साथ भी ऐसा हो जाए, तो घबराने की बिल्कुल जरूरत नहीं है। बस कुछ स्टेप्स को फॉलो करें और आपका कार्ड और पैसा, दोनों सुरक्षित रहेंगे।
कार्ड फंस जाए तो सबसे पहले क्या करें?
जैसे ही आपको लगे कि कार्ड वापस नहीं आ रहा है, तो मशीन के पास खड़े होकर इंतजार करने या मशीन के साथ जोर-जबरदस्ती करने के बजाय तुरंत अपने बैंक के कस्टमर केयर को फोन लगाएं। आप बैंक को यह बताएं कि किस जगह के एटीएम में और किस समय आपका कार्ड फंसा है। हर एटीएम पर एक यूनिक आईडी नंबर लिखा होता है, उसे भी नोट कर लें और बैंक को दें।
कार्ड को हॉटलिस्ट या ब्लॉक कराना है जरूरी
कस्टमर केयर से बात करते समय सबसे सुरक्षित रास्ता यह है कि आप अपने कार्ड को तुरंत ब्लॉक या हॉटलिस्ट करवा दें। एक बार कार्ड हॉटलिस्ट हो गया, तो उसका इस्तेमाल कोई चाहकर भी नहीं कर पाएगा। इससे आपका बैंक बैलेंस पूरी तरह सुरक्षित हो जाता है।
बैंक आपको देगा दो विकल्प
जब आप बैंक से संपर्क करते हैं तो आमतौर पर बैंक आपको दो विकल्प देता है। पहला विकल्प यह होता है कि आप अपने पुराने कार्ड को पूरी तरह कैंसिल करवा दें। अगर आपको लगता है कि कार्ड का गलत इस्तेमाल हो सकता है तो यह विकल्प ज्यादा सुरक्षित माना जाता है। ऐसी स्थिति में आपको नया डेबिट कार्ड जारी करने के लिए आवेदन करना होगा। नया कार्ड आमतौर पर 7 से 10 दिनों के भीतर आपके पते पर पहुंच जाता है। दूसरा विकल्प यह होता है कि आप अपने पुराने कार्ड को वापस प्राप्त करने की प्रक्रिया शुरू करें।
कैसे वापस मिलेगा फंसा हुआ कार्ड?
अगर आपका कार्ड उसी बैंक के एटीएम में फंसा है जिसमें आपका खाता है, तो कार्ड वापस मिलना अपेक्षाकृत आसान होता है। लेकिन अगर कार्ड किसी दूसरे बैंक के एटीएम में फंस गया है तो प्रक्रिया में थोड़ा ज्यादा समय लग सकता है। आमतौर पर एटीएम मशीन की देखभाल करने वाली तकनीकी टीम मशीन से कार्ड निकालती है और उसे उस बैंक को भेज देती है जिसने कार्ड जारी किया होता है। इसके बाद संबंधित बैंक ग्राहक को जानकारी देता है और कई मामलों में ग्राहक को अपनी बैंक शाखा में जाकर पहचान पत्र दिखाकर कार्ड प्राप्त करना पड़ता है।
एटीएम में कार्ड फंसना एक तकनीकी समस्या है, कोई बड़ी मुसीबत नहीं। अगर आप सही समय पर कस्टमर केयर को सूचित कर देते हैं और कार्ड ब्लॉक करवा देते हैं, तो आपका पैसा कहीं नहीं जाने वाला।