Income Tax on DA: पिछले दिनों केंद्र सरकार ने केंद्रीय कर्मचारियों को बड़ी सौगात दी थी। वित्त मंत्रालय ने कर्मचारियों के महंगाई भत्ता (DA) में 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी का ऐलान किया था। यह फैसला 1 जनवरी 2026 से प्रभावी माना जाएगा। यानी कर्मचारियों की सैलरी और पेंशनभोगियों की पेशन इस महीने से बढ़कर आएगी। सरकार की तरफ से इस बढ़ोतरी के बाद अब बेसिक पे में महंगाई भत्ते का हिस्सा 58% से बढ़कर 60% हो गया है। सरकार के इस फैसले में सिविल सेवा के कर्मचारियों के साथ-साथ रेलवे और डिफेंस सेक्टर के कार्यरत कर्मियों और रिटायर्ड लोगों को भी शामिल किया गया है। लगभग 50 लाख केंद्रीय कर्मचारी और करीब 65 लाख पेंशनभोगियों के बैंक खातों में अब पहले से अधिक रकम जमा होगी।
साल में 2 बार होती है DA बढ़ोतरी
दरअसल, सरकार की तरफ से महंगाई भत्ता कर्मचारी के रहन-सहन के खर्च को महंगाई के प्रभाव से बचाने के लिए दिया जाता है। इसकी कैलकुलेशन ऑल इंडिया कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स (AICPI) के आधार पर हर 6 महीने में की जाती है। आमतौर पर सरकार मार्च और अक्टूबर में महंगाई भत्ता (DA) बढ़ोतरी का ऐलान करती है, जो क्रमश: 1 जनवरी और 1 जुलाई से लागू होता है।
क्या DA पर लगता है टैक्स?
बता दें कि महंगाई भत्ता के रूप में मिलने वाली रकम पूरी तरह टैक्स फ्री नहीं होती है। इनकम टैक्स डिपॉर्टमेंट के नियमों के मुताबिक, आपकी सैलरी में मिलने वाला DA टैक्स के दायरे में आता है। जब आप अपना इनकम टैक्स रिटर्न (ITR) भरते हैं, तो आपको DA के कॉलम को अलग से स्पष्ट करना अनिवार्य होता है। साथ ही, मंत्रालय ने गणना को आसान बनाने के लिए यह भी साफ किया है कि अगर महंगाई की गणना में 50 पैसे या उससे ज्यादा की राशि आती है, तो उसे अगले एक रुपये में बदल दिया जाएगा, जबकि 50 पैसे से कम की राशि को नजरअंदाज किया जाएगा।
1.सैलरी पाने वाले कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ता पूरी तरह से कर योग्य माना जाता है।
2.अगर कर्मचारी को रेंट-फ्री अनफर्निश्ड हाउस उपलब्ध कराया गया है, तो महंगाई भत्ते का वह हिस्सा भी सैलरी का हिस्सा माना जाएगा, जिस पर रिटायरमेंट बेनिफिट्स की गणना की जाती है, बशर्ते अन्य सभी शर्तें पूरी हों।
3.आयकर नियमों के अनुसार, टैक्स रिटर्न भरते समय महंगाई भत्ते को सैलरी के अन्य हिस्सों से अलग से साफ-साफ उल्लेख करना अनिवार्य है।