
India Forex Reserves Fall: भारतीय अर्थव्यवस्था के मोर्चे पर चिंता बढ़ाने वाली खबर सामने आई है। भारतीय रिजर्व (RBI) की तरफ से जारी ताजा आंकडों के मुताबिक, देश के विदेशी मुद्रा भंडार (Foreign Exchange Reserves) और स्वर्ण भंडार (Gold Reserves) में भारी गिरावट दर्ज की गई है। इससे पिछले सप्ताह में भारत का विदेशी मुद्रा भंडार ने रिकॉर्ड ऊंचाई को छुआ था, लेकिन इस सप्ताह के आंकड़ों ने चिंता बढ़ा दी है। RBI की तरफ से जारी डेटा के मुताबिक, 6 फरवरी को खत्म हुए सप्ताह में देश का विदेशी मुद्रा भंडार 6.711 अरब डॉलर गिर गया है। अब सरकारी खजाने में कुल विदेशी मुद्रा भंडार 717.064 अरब डॉलर रह गया है। इससे ठीक पिछले वाले सप्ताह में यह 723.774 अरब डॉलर के ऑल-टाइम लेवल पर था।
इस पूरी गिरावट के पीछे की सबसे बड़ी वजह गोल्ड रिजर्व में आई कमी को माना जा रहा है। भारतीय रिजर्व बैंक के आंकड़ों के अनुसार, भारत के स्वर्ण भंडार में 14.208 अरब डॉलर की भारी गिरावट आई है, जिससे यह अब 123.476 अरब डॉलर के स्तर पर आ गया है। दरअसल, गोल्ड रिजर्व में होने वाले इस उतार-चढ़ाव का सीधा संबंध अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतों से होता है। जब ग्लोबल लेवल पर सोने के दाम गिरते हैं, तो देश के कुल गोल्ड रिजर्व की वैल्यू कम हो जाती है।
हालांकि, विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियों (FCA) ने इस गिरावट को कुछ हद तक थामने की कोशिश की। रिपोर्ट की गई अवधि के दौरान विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियां 7.661 अरब डॉलर बढ़कर 570.053 अरब डॉलर पर पहुंच गईं। बता दें कि विदेशी मुद्रा भंडार के इस सेगमेंट में डॉलर के अलावा जापानी येन, यूरो और ब्रिटिश पाउंड जैसी प्रमुख करेंसीज भी शामिल होती हैं।
बता दें कि फरवरी महीने पहले सप्ताह में डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपया ने शानदार रिकवरी दिखाई। सप्ताह की शुरुआत में रुपया 91.50 के स्तर पर दबाव में नजर आ रहा था, लेकिन भारत-अमेरिका ट्रेड डील से इसे सपोर्ट मिला। अमेरिकी टैरिफ में कटौती और विदेशी संस्थागत निवेशकों (FPIs) की भारी लिवाली के चलते मंगलवार, 3 फरवरी को रुपये ने पिछले तीन सालों की सबसे बड़ी इंट्राडे बढ़त दर्ज की। हालांकि सप्ताह के आखिर में कुछ मुनाफावसूली देखी गई। शुक्रवार तक रुपया 90.60 के स्तर पर मजबूती के साथ बंद हुआ।
Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.