UPI-NPI link: भारत और नेपाल ने फाइनेंशियल कनेक्टिविटी सेक्टर में एक ऐतिहासिक छलांग लगाई है। अब भारत का डिजिटल पेमेंट प्लेटफॉर्म यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) और नेपाल का नेशनल पेमेंट्स इंटरफेस (NPI) आपस में जुड़ गए हैं। इस नई शुरुआत के बाद दोनों देशों के नागरिकों के लिए सीमा पार पैसे भेजना और पाना बेहद आसान हो गया है। इसके लिए अब जेब भी ज्यादा ढीली नहीं करनी पड़ेगी। इस नई व्यवस्था के तहत भारतीय और नेपाली नागरिक भारत में रहते हुए, और भारतीय नागरिक नेपाल में रहते हुए सीधे पर्सन-टू-पर्सन (P2P) ट्रांसफर का फायदा उठा सकेंगे।यह पूरी प्रक्रिया रियल-टाइम में काम करती है। फिलहाल यह सेवा कुछ चुनिंदा बैंकों के साथ लाइव कर दी गई है और बहुत जल्द इसका दायरा बढेगा।
केवल मोबाइल नंबर या VPA के जरिए भेज सेकेंगे पैसा
इस नए सेवा को बेहद सेक्योर और ट्रांसपैरेंट बनाया गया है। इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि पैसे भेजने के लिए अब किसी को भी अपने बैंक खाते की जानकारी- जैसे अकाउंट नंबर या आईएफएससी (IFSC) कोड देने की जरूरत नहीं होगी। भारत और नेपाल के यूजर्स केवल मोबाइल नंबर या वर्चुअल पेमेंट एड्रेस (VPA) के जरिए नेपाल पैसे भेज सकते हैं। वहीं, नेपाल से भारत पैसे भेजने के लिए भारतीय यूजर्स सीधे UPI ID का इस्तेमाल कर सकेंगे।
रेमिटेंस के खर्च से बड़ी राहत
इस पार्टनरशिप का सबसे बड़ा आर्थिक फायदा उन लाखों परिवारों को मिलेगा जो आजीविका और अन्य जरूरतों के लिए पूरी तरह से रेमिटेंस पर निर्भर हैं। नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) की इंटरनेशनल ब्रांच, एनआईपीएल (NIPL) और नेपाल क्लियरिंग हाउस लिमिटेड (NCHL) के इस संयुक्त प्रयास ने एक बेहद किफायती और पारदर्शी रास्ता तैयार किया है। यह पहल वैश्विक मंच पर G20 के उन लक्ष्यों के भी पूरी तरह अनुकूल है, जिसमें सीमा पार भुगतानों को सस्ता, आसान और सुरक्षित बनाने की वकालत की गई है।
NPCI और NCHL ने कही ये बात
NPCI इंटरनेशनल के MD और CEO रितेश शुक्ला ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह पहल ग्लोबल कनेक्टविटी की बदलती जरूरहतों को पूरा करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। इस सुरक्षित कॉरिडोर से न केवल रेमिटेंस की प्रक्रिया सरल होगी, बल्कि वित्तीय समावेशन को भी बढ़ावा मिलेगा। दूसरी ओर, NCHL के CEO नीलेश मान सिंह प्रधान ने इसे दोनों देशों के बीच घनिष्ठ सहयोग का परिणाम बताया। उन्होंने आगे कहा कि यह डिजिटल यात्रा भविष्य में व्यापार और आम लोगों के लिए और अधिक सेवाओं के दरवाजा खोलेगी।