अपना सपना पूरा करने और रिटायरमेंट पर जिंदगी सही से चलती रहे, इसके लिए लोग तरह-तरह के फाइनेंशियल प्लानिंग कर रहे हैं। कोई शेयर मार्केट में पैसा लगाते हैं तो कोई बॉन्ड या फिर गोल्ड में पैसा निवेश कर रहे हैं। वहीं कुछ लोग ऐसे भी हैं, जो रिस्क नहीं लेना चाहते है। लिहाजा बैंक की फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) योजनाओं में निवेश कर रहे हैं। ऐसे में कुछ सरकारी योजनाओं के बारे में भी जानना जरूरी है, जहां एफडी से ज्यादा रिटर्न मिल रहा है।
आज हम आपको 3 ऐसे ही सरकारी योजनाओं के बारे में बता रहे हैं, जिनमें FD के मुकाबले बंपर रिटर्न मिलता है। इन योजनाओं में किसी भी तरह का कोई जोखिम नहीं है। इसके अलावा इन योजनाओं के जरिए टैक्स बेनिफिट का भी फायदा उठा सकते हैं।
1. नेशनल सेविंग सार्टिफिकेट
नेशनल सेविंग्स सर्टिफिकेट भारत सरकार की एक पहल है। नेशनल सेविंग्स सर्टिफिकेट एक फिक्स्ड इनकम इन्वेस्टमेंट स्कीम है। कोई भी भारतीय नागरिक किसी भी डाकघर से नेशनल सेविंग्स सर्टिफिकेट ले सकता है। नेशनल सेविंग्स सर्टिफिकेट का मौजूदा इश्यू, VIII इश्यू है। NSC का मैच्योरिटी पीरियड 5 साल है। पोस्ट ऑफिस नेशनल सेविंग सर्टिफिकेट स्कीम में 7.7 फीसदी की दर से रिटर्न मिलता है। नेशनल सेविंग सर्टिफिकेट स्कीम की खास बात यह है कि इस स्कीम में आप सिर्फ 1000 रुपये से अपना निवेश शुरू कर सकते हैं।
2. पब्लिक प्रोविडेंट फंड
पब्लिक प्रोविडेंट फंड (PPF) में निवेश कर सकते हैं। इसमें कम से कम 500 रुपये और अधिक से अधिक सालाना 1.50 लाख रुपये है। मौजूदा समय में पीपीएफ पर 7.10 फीसदी ब्याज मिल रहा है। इसकी अवधि 15 वर्ष है। इसमें इनकम टैक्स एक्ट के सेक्शन 80 C के तहत टैक्स छूट का भी फायदा उठा सकते हैं।
3. सुकन्या समृद्धि योजना
अगर आप अपनी बेटियों के उज्ज्वल भविष्य में निवेश करना चाहते हैं, तो सुकन्या समृद्धि योजना (SSY) सबसे अच्छी योजना है। यह योजना खास तौर पर लड़कियों के लिए बनाई गई है, जो उनकी शिक्षा और शादी के खर्चों को पूरा करने में मदद करती है। इस योजना में सालाना कम से कम 250 रुपये और अधिक से अधिक 1.50 लाख रुपये निवेश कर सकते हैं। इस योजना में 8.20 फीसदी की दर से ब्याज मिल रहा है। इसमें सेक्शन 80C के तहत टैक्स छूट मिलती है। यह एक लॉन्ग टर्म सेविंग ऑप्शन है, जिससे बेटी की उच्च शिक्षा और शादी जैसे बड़े खर्च आसानी से पूरे किए जा सकते हैं।