iPhone 17 vs Mutual Funds: iPhone 17 Series की सेल शुरू हो गई है। स्टोर्स के बाहर नई सीरीज के खरीदने के लिए लंबी लाइन लगी हुई है। खरीदारों की लंबी भीड़ को देखते हुए सोशल मीडिया में एक अलग बहस छिड़ गई है। दरअसल, दिग्गज निवेशक विजय केडिया ने इस ट्रेंड पर एक अहम सवाल खड़ा कर दिया है। उन्होंने कहा कि क्या 1 लाख रुपये का iPhone वाकई समझदारी है या यही पैसा निवेश कर दोगुना किया जा सकता है?
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर मशहूर निवेशक विजय केडिया ने लिखा कि ‘1 लाख रुपये iPhone पर खर्च करने से बेहतर है कि इसे म्यूचुअल फंड में लगाएं। 6 साल बाद वही 1 लाख बढ़कर 2 लाख हो सकता है, जबकि आईफोन की रीसेल वैल्यू महज 15,000 रुपये तक रह जाएगी।’ केडिया का संदेश साफ है कि शॉर्ट-टर्म शोऑफ से ज्यादा मायने रखता है लॉन्ग-टर्म ग्रोथ।
एक और पोस्ट में विजय केडिया ने आगे लिखा कि अगर आपको फोन खरीदने के लिए लाइन में लगना पड़ रहा है, तो शायद यह खर्च आपकी प्राथमिकता नहीं होनी चाहिए। उस पैसे का बेहतर जगह इस्तेमाल किया जा सकता है। इस पोस्ट के साथ उन्होंने एक सिंपल चार्ट भी शेयर किया है। जिसमें दिखाया गया कि 1 लाख का निवेश 6 साल में दोगुना हो सकता है, जबकि iPhone की कीमत समय के साथ घटती चली जाती है।
युवाओं को दिया कड़ा संदेश
फिलहाल आईफोन खरीदना या न खरीदना पूरी तरह से पर्सनल विकल्प है। लेकिन केडिया ने युवाओं को कड़ा संदेश जरूर दे दिया है। विजय केडिया यह समझाना चाहते हैं कि बड़ी रकम खर्च करने से पहले उसके निवेश मूल्य पर विचार जरूर करना चाहिए। टेक्नोलॉजी हर साल समय के साथ बदलती रहती है। वहीं अगर बेहतर जगह में निवेश करते हैं तो आपके भविष्य की नींव मजबूत होगी।