IRCTC Ticket Booking: ट्रेन से सफर करने वालों के लिए अब टिकट बुकिंग का तरीका पहले जैसा नहीं रहने वाला। अगर आप भी IRCTC से ऑनलाइन टिकट बुक करते हैं और हर बार कन्फर्म सीट के लिए संघर्ष करना पड़ता है, तो अब वजह समझ में आने वाली है। रेलवे ने टिकटों की कालाबाजारी और फर्जी बुकिंग पर लगाम लगाने के लिए IRCTC के नियमों में बड़ा बदलाव कर दिया है, जिसका सीधा असर आम यात्रियों पर पड़ेगा।
क्यों बदले नियम
हर दिन लाखों यात्री IRCTC के जरिए ट्रेन टिकट बुक करते हैं। जैसे ही एडवांस रिजर्वेशन खुलता है, कुछ ही मिनटों में सीटें भर जाती हैं। कई बार ऐसा देखा गया कि दलाल और फर्जी अकाउंट पहले ही टिकट उठा लेते हैं और आम यात्रियों को खाली हाथ रहना पड़ता है। इसीलिए अब रेलवे ने आधार वेरिफिकेशन को बुकिंग प्रक्रिया से जोड़ने का फैसला किया है।
क्या है नया नियम?
रेलवे और IRCTC के नए नियमों के मुताबिक, एडवांस रिजर्वेशन की शुरुआती बुकिंग विंडो में अब सिर्फ वही लोग टिकट बुक कर पाएंगे, जिनका IRCTC अकाउंट आधार कार्ड से वेरिफाइड है। यह नियम 5 जनवरी से लागू हो चुका है। इसके तहत जिन यात्रियों का अकाउंट आधार से लिंक नहीं है, वे सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक ऑनलाइन टिकट बुक नहीं कर पाएंगे। वहीं आधार से वेरिफाइड अकाउंट वाले यात्रियों को सुबह 8 बजे से ही टिकट बुक करने की सुविधा मिलेगी।
आधार लिंक नहीं है तो क्या होगा नुकसान
अगर आपका IRCTC अकाउंट आधार से लिंक नहीं है, तो आप टिकट बुकिंग का सबसे अहम समय गंवा सकते हैं। यही वह वक्त होता है जब कन्फर्म टिकट मिलने की संभावना सबसे ज्यादा होती है। ऐसे में बिना आधार लिंक अकाउंट के कन्फर्म टिकट मिलना काफी मुश्किल हो जाएगा।
12 जनवरी के बाद और सख्त होंगे नियम
रेलवे ने साफ कर दिया है कि यह व्यवस्था अस्थायी नहीं है। 11 जनवरी तक बिना आधार लिंक अकाउंट वाले यूजर्स को सीमित समय में टिकट बुक करने की छूट मिलेगी। लेकिन 12 जनवरी के बाद बिना आधार से जुड़े IRCTC अकाउंट से पूरे दिन ऑनलाइन टिकट बुकिंग की सुविधा बंद हो जाएगी। यानी सुबह 8 बजे से रात 12 बजे तक टिकट बुक नहीं कर पाएंगे।
आधार से लिंक कराने पर क्या फायदा मिलेगा
जिन यात्रियों ने अपना IRCTC अकाउंट आधार से वेरिफाई कर लिया है, वे रोज सुबह 8 बजे से टिकट बुक कर सकेंगे। एडवांस रिजर्वेशन में उन्हें प्राथमिकता मिलेगी और कन्फर्म टिकट मिलने की संभावना भी ज्यादा रहेगी। कुल मिलाकर, आधार लिंक अकाउंट वालों के लिए बुकिंग प्रक्रिया आसान हो जाएगी।
काउंटर टिकट पर भी बदल सकता है तरीका
यह बदलाव फिलहाल सिर्फ ऑनलाइन टिकट बुकिंग पर लागू है। हालांकि रेलवे काउंटर से टिकट लेते समय भी अब मोबाइल नंबर पर OTP वेरिफिकेशन जरूरी किया जा सकता है। आने वाले समय में मोबाइल नंबर का आधार से लिंक होना भी जरूरी किया जा सकता है।
अगर आप बिना टेंशन के ट्रेन टिकट बुक करना चाहते हैं, तो बेहतर यही है कि अपना IRCTC अकाउंट जल्द से जल्द आधार कार्ड से लिंक कर लें।