
15 दिसंबर से कार और बाइक इंश्योरेंस में और ज्यादा जानकारियां दी जाएंगी। भारतीय बीमा विनियामक एवं विकास प्राधिकरण (IRDAI) निजी वाहनों के बीमा के लिए चार स्तरीय ढांचा तैयार कर रहा है। नए नियमों के तहत गाड़ियों का बीमा अब चार भागों में बांटा जाएगा। इसमें दूसरों के नुकसान की भरपाई, गाड़ी में बैठी सवारियों की सुरक्षा, ड्राइवर का एक्सीडेंट कवर और खुद की गाड़ी के नुकसान का बीमा शामिल होंगे। इंश्योरेंस कंपनी के लिए यह बताना अनिवार्य होगा कि वह इन चारों कंपोनेंट्स में किसके लिए कितनी रकम चार्ज कर रही है।
इसके लिए कंपनी को एक कस्टमर इन्फोर्मेशन शीट (CIS) जारी करनी होगी और ग्राहक से कस्टमर ऑप्शन फॉरम (COF) लेना होगा जिसमें यह जानकारी होगी कि ग्राहक ने इन चार में से कौन-कौन से कंपोनेंट्स चुने। इसलिए, गाड़ी मालिकों को इंश्योरेंस रीन्यू करवाने से पहले इन पांच बातों का ध्यान जरूर रखना चाहिए।
ध्यान रहे कि ऊपर बताए गए सभी चार कंपोनेंट्स लेना अनिवार्य नहीं है। थर्ड पार्टी लाइबिलिटी कवर लेना अनिवार्य होता है जिसमें आपकी गाड़ी से किसी दूसरे को होने वाले किसी भी तरह के नुकसान के बदले मुआवजा शामिल होता है। इसी तरह, ऑनर और ड्राइवर के लिए पर्सनल एक्सिडेंट कवर लेना भी अनिवार्य है। हालांकि, खुद की गाड़ी का नुकसान, सवारियों की सुरक्षा और अतिरिक्त व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा लेना मर्जी पर निर्भर है।
वाहन मालिक अब कार में बैठने वाले लोगों और बाइक पर साथ बैठी सवारी का भी बीमा करवा सकते हैं। नवी जेनरल इंश्योरेंस के एमडी और सीईओ वैभव गोयल ने बताया कि इस बीमा में गाड़ी के मालिक, पॉलिसीधारक और उनके करीबी परिवार (माता-पिता, पति/पत्नी, बच्चे) शामिल नहीं होंगे, और यह कवर केवल गाड़ी की तय सीटिंग कैपेसिटी तक ही मिलेगा।
वहीं, फटाकसिक्योर के सीईओ बिकाश चौधरी ने बताया कि सवारियों की कानूनी जिम्मेदारी और व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा में बड़ा अंतर है। पहला, कवर कानूनी दावों से मालिक को बचाता है, जबकि दूसरा दुर्घटना की स्थिति में पीड़ित व्यक्ति को तय आर्थिक मदद देता है। इनमें से एक कवर लेने का मतलब यह नहीं है कि दूसरा अपने आप मिल जाएगा।
गाड़ी चलाने वाले मालिक के लिए पर्सनल एक्सीडेंट कवर लेना तो जरूरी है ही, लेकिन आप चाहें तो अपनी गाड़ी में बैठने वाले यात्रियों, बाइक की पिछली सवारी और ड्राइवर के लिए भी अतिरिक्त एक्सीडेंट इंश्योरेंस जोड़ सकते हैं। पॉलिसी लेते समय यह ध्यान से देख लें कि किसे कितना क्लेम मिलेगा और उसकी क्या शर्तें हैं।
ओन-डैमेज कवर आपकी गाड़ी को नुकसान या चोरी से बचाता है, पर यह लेना जरूरी नहीं है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि अपनी गाड़ी की उम्र, कीमत और मरम्मत के खर्च को देखकर ही फैसला लें। वहीं, गाड़ी की तय कीमत (IDV) और क्लेम के समय खुद दिया जाने वाला हिस्सा ध्यान से चेक करें। चौधरी के अनुसार, 'सस्ता बीमा हमेशा सही नहीं होता, इसलिए केवल ऑप्शनल होने की वजह से कोई कवर छोड़ नहीं दें।'
अब बीमा कंपनियां एकमुश्त प्रीमियम बताने के बजाय यह साफ दिखाएंगी कि किस कवर का कितना चार्ज लिया जा रहा है। अगर आपकी पॉलिसी पहले से चल रही है, तो आप बीच में भी अपनी पुरानी इंश्योरेंस कंपनी से सवारियों का लीगल लायबिलिटी कवर ले सकते हैं। 15 दिसंबर, 2026 से यह सभी सुविधाएं 'बीमा सुगम' पोर्टल पर मिलने लगेंगी।
Disclaimer: यह लेख केवल जानकारी के लिए है। इंश्योरेंस लेने से पहले उचित जानकारियां जुटकार ही कोई निर्णय करें। मिंट हिंदी आपके किसी भी निर्णय और उसके परिणाम के लिए तनिक भी उत्तरदायी नहीं है।
टेलीवीजन की दुनिया से अखबार का संसार और अब डिजिटल वर्ल्ड। नवीन कुमार पाण्डेय पत्रकारिता की बहुआयामी विधाओं में 17 वर्ष से अधिक का अनुभव रखते हैं। प्रतिष्ठित दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में द्विवर्षीय पीजी डिप्लोमा की डिग्री लेकर वर्ष 2008 से पत्रकारिता की शुरू हुई यात्रा अनवरत जारी है। करियर के एक छोर पर नोएडा तो दूसरे पर दिल्ली है जबकि बीच में पटना और रांची का पड़ाव प्राप्त हुआ है। नवीन नोएडा, पटना, रांची, फिर नोएडा के विभिन्न मीडिया संस्थानों का हिस्सा रहने के बाद मिंट हिंदी से जुड़कर दिल्ली पहुंचे हैं। पूरे पत्रकारीय जीवन में डिजिटल मीडिया का अनुभव सबसे ज्यादा रहा है। पिछला संस्थान नवभारत टाइम्स ऑनलाइन रहा जिसका एक दशक से भी ज्यादा लंबा और बहुत सुहावना साथ रहा। एनबीटी में मेन डेस्क का हिस्सा रहते हुए राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों पर लंबे समय तक काम किया। बीच में तीन वर्ष बिजनेस सेक्शन को लीड करने में बीते। फिर एआई का दौर आया तो इकनॉमिक टाइम्स, टाइम्स ऑफ इंडिया और नवभारत टाइम्स की ओर से 5-5 सदस्यों की टीम बनाई गई। नवीन ने एनबीटी की टीम की अगुवाई करते हुए तीन वर्षों तक न्यूज रूम में एआई की उपयोगिता पर लंबा रिसर्च किया और कई प्रॉजेक्ट्स जमीन पर उतारे। इस दौरान उन्हें संस्था से इनोवेटिव माइंड का अवॉर्ड भी हासिल हुआ। हमेशा नयेपन की खोज में जुटे रहकर नवीन अपने नाम को सार्थक करने को आज भी प्रयासरत हैं। मिंट हिंदी का संपादकीय नेतृत्व करते हुए बिजनेस के विभिन्न आयामों को छूते हुए राजनीति, कानून, कूटनीति, अंतरराष्ट्रीय संबंध, अर्थव्यवस्था समेत विभिन्न विषयों पर लेख और विचार यहां प्रकाशित करते रहेंगे।
Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.
MoreOops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.