ITR Filing 2026: तेजी से हो रही टेक्नोलॉजी की तरक्की, सर्विस देने के नए तरीकों और डेटा शेयरिंग की वजह से फ्रीलांसिंग और गिग इकॉनमी बढ़ रही है। आज ज्यादा से ज्यादा प्रोफेशनल पारंपरिक एम्प्लॉयर-एम्प्लॉई (मालिक-कर्मचारी) सिस्टम से हटकर कमाई कर रहे हैं। ऐसे में देशभर में लाखों फ्रीलांसर आयकर रिटर्न दाखिल करते समय इस बात को लेकर असमंजस में रहते हैं कि उनकी कमाई को बिजनेस इनकम माना जाएगा या प्रोफेशनल इनकम।
टैक्स एक्सपर्ट्स के मुताबिक, इस सवाल का जवाब सीधा नहीं है, क्योंकि यह मुख्य रूप से काम के तरीके और क्लाइंट के साथ टैक्सपेयर के रिश्ते पर निर्भर करता है। इसका फैसला केवल टैक्सपेयर की इच्छा से नहीं होता, बल्कि आय की प्रकृति और किए जाने वाले काम के आधार पर किया जाता है। इसलिए रिटर्न दाखिल करते समय सही कैटेगरी चुनना बेहद जरूरी है।
हर फ्रीलांसर बिजनेस इनकम नहीं दिखा सकता
विशेषज्ञों के अनुसार, यदि कोई व्यक्ति डॉक्टर, चार्टर्ड अकाउंटेंट, वकील, आर्किटेक्ट, इंजीनियर, आईटी कंसल्टेंट, डिजाइनर या अन्य अधिसूचित प्रोफेशनल सेवाएं देता है, तो उसकी आय सामान्य तौर पर प्रोफेशन से आय मानी जाती है। एस. के. पटोदिया एंड एसोसिएट्स एलएलपी के एसोसिएट डायरेक्टर (डायरेक्ट टैक्स) मिहिर तन्ना के अनुसार यदि कोई व्यक्ति स्वतंत्र रूप से कई क्लाइंट्स के लिए काम करता है, अपनी शर्तें खुद तय करता है और बिजनेस रिस्क भी खुद उठाता है, तो उसकी आय बिजनेस या प्रोफेशन के तहत आ सकती है।
लेकिन यदि किसी व्यक्ति के काम में तय समय, सुपरविजन, निश्चित वेतन और नियोक्ता-कर्मचारी (Employer-Employee) संबंध मौजूद है, तो ऐसी आय सैलरी इनकम मानी जाएगी।
टैक्स एक्सपर्ट ने बताईं सबसे आम गलतियां
नवराज ग्लोबल एडवाइजर्स के टैक्स एंड इन्वेस्टमेंट एक्सपर्ट निशांत शंकर के अनुसार हर फ्रीलांसर अपनी आय को स्वतः बिजनेस इनकम नहीं दिखा सकता। उन्होंने कहा कि आय का सही वर्गीकरण काम की प्रकृति, स्वतंत्रता की मात्रा और कॉन्ट्रैक्ट की शर्तों पर निर्भर करता है। उन्होंने यह भी बताया कि फ्रीलांसर अक्सर ये गलतियां करते हैं—
गलत ITR फॉर्म चुनना
इन गलतियों से बचने के लिए सभी आय का मिलान करना, जरूरी दस्तावेज सुरक्षित रखना और सही ITR फॉर्म चुनना बेहद जरूरी है। केवल टैक्स बचाने या सुविधा के लिए आय को किसी दूसरी कैटेगरी में दिखाना उचित नहीं है। यदि आय की वास्तविक प्रकृति और रिटर्न में दी गई जानकारी मेल नहीं खाती, तो आयकर विभाग भविष्य में स्पष्टीकरण मांग सकता है। इसलिए रिटर्न भरने से पहले अपनी आय की सही श्रेणी तय करना जरूरी है।
ITR भरते समय इन बातों का रखें ध्यान
टैक्स एक्सपर्ट्स का कहना है कि फ्रीलांसरों को अपनी आय, खर्च, बैंक स्टेटमेंट, टीडीएस, जीएसटी (यदि लागू हो) और अन्य वित्तीय दस्तावेजों का सही रिकॉर्ड रखना चाहिए। रिटर्न दाखिल करने से पहले यह भी सुनिश्चित करें कि आपकी आय जिस श्रेणी में आती है, उसी के अनुसार ITR फॉर्म और टैक्स प्रावधान चुने जाएं। इससे भविष्य में नोटिस या विवाद की संभावना कम हो सकती है।
टैक्स एक्सपर्ट्स की सलाह
विशेषज्ञों का मानना है कि फ्रीलांसरों को केवल सुविधा के आधार पर अपनी आय को बिजनेस इनकम या प्रोफेशनल इनकम नहीं दिखाना चाहिए। सही विकल्प का चुनाव आय की वास्तविक प्रकृति के आधार पर ही किया जाना चाहिए। यदि किसी मामले में भ्रम हो तो रिटर्न दाखिल करने से पहले टैक्स एक्सपर्ट या चार्टर्ड अकाउंटेंट की सलाह लेना बेहतर रहेगा।