Jan Dhan Account: प्रधानमंत्री जन धन योजना (PMJDY) भारत सरकार की सबसे बड़ी वित्तीय योजनाओं में से एक मानी जाती है। इस योजना की शुरुआत अगस्त 2014 में की गई थी, जिसका उद्देश्य देश के हर नागरिक को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ना था। आज यह योजना करोड़ों लोगों के लिए सिर्फ बैंक खाता नहीं, बल्कि आर्थिक सुरक्षा और सरकारी योजनाओं तक सीधी पहुंच का माध्यम बन चुकी है। जनधन खाते की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसे जीरो बैलेंस पर खोला जा सकता है। यानी खाता खुलवाने के लिए न्यूनतम राशि रखने की जरूरत नहीं होती। यही वजह है कि ग्रामीण क्षेत्रों, गरीब परिवारों और पहली बार बैंकिंग से जुड़ने वाले लोगों के बीच यह योजना तेजी से लोकप्रिय हुई।
सरकार के अनुसार, जनधन योजना के तहत अब तक करोड़ों खाते खोले जा चुके हैं और इनमें बड़ी मात्रा में जमा राशि भी मौजूद है। यह योजना देश में डिजिटल और औपचारिक बैंकिंग को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभा रही है। जनधन खाते के साथ खाताधारकों को रुपे डेबिट कार्ड भी दिया जाता है। इस कार्ड के जरिए एटीएम से पैसे निकाले जा सकते हैं, डिजिटल भुगतान किया जा सकता है और ऑनलाइन ट्रांजैक्शन भी संभव है। कई मामलों में इस कार्ड के साथ दुर्घटना बीमा सुविधा भी जुड़ी होती है।
ओवरड्राफ्ट की सुविधा
इस योजना का एक महत्वपूर्ण फायदा ओवरड्राफ्ट सुविधा है। अगर खाताधारक का खाता एक निश्चित समय तक सक्रिय रहता है और उसमें नियमित लेनदेन होता है, तो बैंक उसे ओवरड्राफ्ट सुविधा दे सकता है। इसके तहत पात्र खाताधारकों को ₹10,000 तक की अतिरिक्त राशि निकालने की अनुमति मिल सकती है। यह सुविधा अचानक पैसों की जरूरत पड़ने पर काफी मददगार साबित होती है।
जनधन खातों का सबसे बड़ा उपयोग सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे लाभार्थियों तक पहुंचाने में हुआ है। केंद्र और राज्य सरकारें कई योजनाओं की राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में ट्रांसफर करती हैं। इसमें गैस सब्सिडी, किसान सम्मान निधि, पेंशन, छात्रवृत्ति और अन्य सामाजिक योजनाएं शामिल हैं।
क्या है प्रधानमंत्री जन धन योजना?
प्रधानमंत्री जन धन योजना (PMJDY) सरकार की एक विशेष योजना है, जिसका मकसद देश के हर नागरिक, खासकर गरीब और ग्रामीण इलाकों के लोगों को बैंकिंग सेवाओं से जोड़ना है। इस योजना के तहत जीरो बैलेंस पर बैंक अकाउंट खोला जा सकता है, जिसमें सेविंग्स अकाउंट, पैसे भेजने की सुविधा, बीमा, पेंशन जैसी सुविधाएं मुहैया कराई जाती हैं।
कहां और कैसे खुलता है ये खाता?
कोई भी व्यक्ति किसी भी सरकारी या प्राइवेट बैंक की शाखा में या बैंक मित्र से जाकर खाता खुलवा सकता है। खाता खोलने के लिए कोई न्यूनतम राशि जमा नहीं करनी होती है। यानी आप जीरो बैलेंस पर भी खाता खुलवा सकते हैं।
जन धन योजना के फायदे
1. जमा राशि पर ब्याज मिलता है।
2. 1 लाख रुपए का दुर्घटना बीमा कवर है।
3. 30,000 का जीवन बीमा, सामान्य शर्तों पर देय है।
4. खाता खोलने पर कोई न्यूनतम बैलेंस जरूरी नहीं पड़ती।
5. सरकार की सभी योजनाओं के पैसे सीधे खाते में ट्रांसफर होते हैं।
6. देशभर में पैसा भेजने की सुविधा मिलती है।
7. 6 महीने तक खाता चलाने पर 5,000 तक का ओवरड्राफ्ट की सुविधा है।
8. पेंशन और बीमा जैसी सुविधाएं भी मिलती हैं।