Prepaid Recharge Plan Price Hike: देश की दो सबसे बड़ी टेलीकॉम कंपनियां रिलायंस जियो और भारती एयरटेल एक बार फिर मोबाइल रिचार्ज प्लान महंगे करने की तैयारी में हैं। अगले 3 से 4 महीने में मोबाइल रिचार्ज और इंटरनेट प्लान महंगे हो सकते हैं। सेंट्रम इंस्टीट्यूशनल रिसर्च रिपोर्ट के मुताबिक, टेलीकॉम कंपनियां टैरिफ में 15 से 20% तक की बढ़ोतरी कर सकती हैं। रिपोर्ट के अनुसार मार्केट में अब मुख्य रूप से 3 प्राइवेट और 1 सरकारी यानी BSNL कंपनी ही बची हैं। इससे कंसॉलिडेशन यानी बाजार का दायरा सिमट गया है। ऐसे में कंपनियों के लिए कीमतें बढ़ाने का माहौल बन गया है।
टेलीकॉम कंपनियों ने पिछले कुछ वर्षों में 5जी नेटवर्क विस्तार पर भारी निवेश किया है। इसके अलावा स्पेक्ट्रम खरीद, नेटवर्क अपग्रेड और बढ़ती परिचालन लागत का दबाव भी कंपनियों पर है। उद्योग विशेषज्ञों का मानना है कि कंपनियां अब प्रति ग्राहक औसत आय (ARPU) बढ़ाने पर जोर दे रही हैं, जिसके चलते टैरिफ बढ़ोतरी की संभावना मजबूत हो गई है।
15% से 20% तक बढ़ सकते हैं दाम
हालिया मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जियो और एयरटेल दोनों ही कंपनियां वर्ष 2026 की दूसरी छमाही में रिचार्ज प्लान महंगे कर सकती हैं। अनुमान है कि कीमतों में 15% से 20% तक की बढ़ोतरी हो सकती है। इससे मासिक, तिमाही और वार्षिक प्लान सभी प्रभावित हो सकते हैं।
ग्राहकों पर कितना पड़ेगा असर?
अगर 20% तक टैरिफ बढ़ोतरी लागू होती है तो मौजूदा ₹299 का प्लान लगभग ₹359 तक पहुंच सकता है। इसी तरह ₹399 वाला प्लान ₹479 के आसपास और ₹719 वाला प्लान ₹860 के करीब हो सकता है। वास्तविक कीमतें कंपनियों की घोषणा के बाद ही स्पष्ट होंगी, लेकिन उपभोक्ताओं का मासिक मोबाइल खर्च बढ़ना तय माना जा रहा है।
5जी सेवाओं पर फोकस बढ़ा रहीं कंपनियां
जियो और एयरटेल दोनों तेजी से 5जी नेटवर्क का विस्तार कर रही हैं। एयरटेल ने हाल ही में प्रीमियम ग्राहकों के लिए विशेष 5जी सुविधाएं शुरू की हैं, जबकि जियो लगातार अपने 5जी नेटवर्क का विस्तार कर रही है। कंपनियों का मानना है कि बेहतर नेटवर्क और उच्च डेटा उपयोग के साथ अधिक राजस्व अर्जित करना जरूरी है।
पहले भी बढ़ चुके हैं टैरिफ
यह पहली बार नहीं होगा जब मोबाइल रिचार्ज महंगे होंगे। पिछले वर्षों में भी जियो, एयरटेल और अन्य कंपनियां कई बार टैरिफ बढ़ा चुकी हैं। उद्योग विश्लेषकों का मानना है कि भारतीय टेलीकॉम बाजार में कीमतें अभी भी कई विकसित देशों की तुलना में कम हैं, इसलिए आगे भी चरणबद्ध बढ़ोतरी जारी रह सकती है।
जियो और एयरटेल के बढ़ेंगे ग्राहक
सेंट्रम की रिपोर्ट के मुताबिक, रिलायंस जियो और भारती एयरटेल के यूजर लगातार बढ़ रहे हैं। जून तिमाही में रिलायंस जियो के करीब 70 लाख नए ग्राहक जोड़ने की उम्मीद है। वहीं भारती एयरटेल के ग्राहकों में लगभग 50 लाख की बढ़ोतरी हो सकती है। इसके मुकाबले वोडाफोन-आइडिया केवल 2 लाख ग्राहक ही जोड़ पाएगी।
वोडाफोन आइडिया भी बढ़ा रही है दायरा
कमजोर ग्राहक ग्रोथ के बावजूद वोडाफोन आइडिया (VIL) भी देश में अपना 5G नेटवर्क बढ़ा रही है। फिलहाल वोडाफोन आइडिया का 5G नेटवर्क करीब 100 शहरों में पहुंच चुका है और कंपनी इसे तेजी से बढ़ा रही है।