Jio BlackRock: जियो फाइनेंशियल सर्विसेज और दुनिया की सबसे बड़ी एसेट मैनेजमेंट कंपनियों में से एक ब्लैकरॉक के जॉइंट वेंचर जियो ब्लैकरॉक ने अपने निवेश सलाह कारोबार की दिशा में एक और अहम कदम बढ़ाया है। कंपनी का दूसरा साल शुरू हो चुका है। इस मौके पर कंपनी ने साल 2026 का अपना रोडमैप पेश कर दिया है। इसमें निवेशकों के लिए कई नए और आसान निवेश विकल्प लाने की बात कही गई है।
पिछले छह महीनों में अच्छी ग्रोथ दर्ज करने के बाद जियो-ब्लैकरॉक अब अपने प्रोडक्ट पोर्टफोलियो को और मजबूत करने की तैयारी मैं है। कंपनी का फोकस ऐसे निवेश विकल्प लाने पर है, जो आम निवेशकों के लिए भी समझना और फॉलो करना आसान रहे। जियो ब्लैकरॉक ने अपनी वेबसाइट भी लॉन्च कर दी है। इससे निवेशक डिजिटल टूल्स और आसान मार्गदर्शन से सोच-समझकर फैसले ले सकेंगे। अब निवेशक जियोब्लैकरॉक म्यूचुअल फंड की हर स्कीम तक अपनी पहुंच आसानी से बढ़ा सकते हैं।
मिलेगा निवेश पैकेज
कंपनी की ओर से जारी की गई आधिकारिक प्रेस रिलीज के मुताबिक, कंपनी ने अपना मॉडल पोर्टफोलियो प्लेटफॉर्म JioBLK ProFolios शुरू कर दिया है। यह अलग-अलग जियो-ब्लैकरॉक म्यूचुअल फंड्स का एक रेडी-मेड कॉम्बिनेशन है। इससे निवेशकों को अलग - अलग फंड चुनने में परेशानी नहीं होगी। इस पैकेज एक्पर्ट्स की ओर से तैयार किया गया है। इसमें रिस्क और रिटर्न दोनों को ध्यान में रखा गया है।
साल 2026 में आएंगे नए म्यूचुअल फंड
प्रेस रिलीज के मुताबिक, साल 2026 में म्यूचुअल फंड की एक सीरीज भी लॉन्च की जा सकती है। ये फंड ब्लैकरॉक की Systematic Active Equity (SAE) टेक्नोलॉजी पर आधारित होंगे, जो बाजार के उतार-चढ़ाव को ध्यान में रखकर निवेश करती है। इसी कड़ी में JioBlackRock सेक्टर रोटेशन फंड लाया जा रहा है, जिसका न्यू फंड ऑफर (NFO) 27 जनवरी 2026 से 9 फरवरी 2026 तक खुला रहेगा। यह फंड बाजार के ट्रेंड को देखते हुए अलग-अलग सेक्टर्स में निवेश बदलेगा, ताकि बदलते हालात में बेहतर मौके पकड़े जा सकें और जोखिम को भी कम किया जा सके।
10 लाख से ज्यादा हैं ग्राहक
जियोब्लैकरॉक एसेट मैनेजमेंट के MD और CEO, सिड स्वामीनाथन ने कहा कि जियो-ब्लैकरॉक ने लॉन्च के एक साल के भीतर ही 10 लाख से ज्यादा निवेशक जुड़ गए हैं। अब कंपनी का मकसद SIFs, ETFs और GIFT सिटी के जरिए निवेशकों को ज्यादा विकल्प मुहैया कराना है। इसके साथ ही डेट, इक्विटी और हाइब्रिड कैटेगरी में भी नए फंड लाए जाएंगे। इसमें कम लागत और लंबे समय में बेहतर रिटर्न पर जोर दिया जाएगा। जियो-ब्लैकरॉक GIFT सिटी में अपनी मौजूदगी दर्ज कराने की तैयारी कर रहा है।