Jio Blackrock Flexi Cap Fund Portfolio Update: दिसंबर महीने में शेयर बाजार में हलचल के बीच जियोब्लैकरॉक (JioBlackRock) म्यूचुअल फंड के फ्लेक्सी कैप फंड ने अपने पोर्टफोलियो में बड़े बदलाव किए हैं। कंपनी ने कुछ दिग्गज शेयरों पर भरोसा जताया है, जबकि कुछ पुराने नामों से दूरी बना ली है। दिसंबर के आखिरी तक इस फंड की कुल एसेट अंडर मैनेजमेंट (AUM) भी बढ़कर 2,496 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है, जो फंड के प्रति निवेशकों के बढ़ते विश्वास को दिखाता है।
अडानी और HAL में बढ़ाई हिस्सेदारी
जियोब्लैकरॉक फ्लेक्सी कैप फंड ने दिसंबर में अडानी एनर्जी और हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स (HAL) जैसे शेयरों में रुचि दिखाई है। फंड ने अडानी ग्रीन एनर्जी के शेयरों की संख्या में भारी बढ़ोतरी की है। नवंबर में फंड के पास केवल 11,192 शेयर थे, जबकि दिसंबर में 28,776 नए शेयर जोड़कर यह संख्या 39,968 तक पहुंचा दी गई है। इसके अलावा, HAL के भी 30,476 शेयर पोर्टफोलियो में शामिल किए गए हैं।
खास बात यह है कि फंड ने सबसे ज्यादा खरीदारी बैंकिंग और टेलीकॉम सेक्टर में की है। HDFC Bank के लगभग 2.57 लाख शेयर खरीदे हैं। इसी क्रम में भारती एयरटेल के 2.52 लाख और भारत पेट्रोलियम (BPCL) के 2.17 लाख शेयर भी खरीदे गए हैं। डिक्सन टेक्नोलॉजीज जैसे शेयरों में भी फंड ने अपनी हिस्सेदारी को मामूली रूप से बढ़ाई है।
इन शेयरों में कम की हिस्सेदारी
दूसरी तरफ, फंड ने अपने पोर्टफिलियो से इंडिगो 1,967 शेयर बेचे हैं, जिसके बाद अब उसके पास इस स्टॉक के 78,357 शेयर बचे हैं। सबसे अधिक बिकवाली फोर्टिस हेल्थकेयर में देखी गई, जहां फंड ने अपने पोर्टफोलियो से लगभग 1.59 लाख शेयर कम कर दिए हैं। टीसीएस (TCS) और रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL) के शेयरों में भी कटौती की गई है। फंड ने TCS के 50,249 शेयर और RIL के 36,530 शेयर बाजार में ऑफलोड किए हैं।
इन स्टॉक्स को पूरी तरह निकाला बाहर
बता दें कि जियोब्लैकरॉक ने अपने पोर्टफोलियो से 20 कंपनियों को बाहर का रास्ता दिखा दिया है। इस एग्जिट लिस्ट में SAIL, बॉश, थॉमस कुक, पेट्रोनेट एलएनजी और पेटीएम जैसे बड़े नाम शामिल हैं। इसके अलावा टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स और पावर ग्रिड जैसी कंपनियों में भी हिस्सेदारी कम की गई है। नवंबर में पोर्टफोलियो में कुल 137 स्टॉक थे, जो दिसंबर के आखिर तक घटकर 132 रह गए हैं।
15 स्टॉक्स को मिली जगह
वहीं, पोर्टफोलियो को मजबूत करने के लिए फंड ने 15 नए शेयरों को एंट्री दी है। इनमें जेएसडब्ल्यू स्टील, एशियन पेंट्स, ब्रेनबीज सॉल्यूशंस (FirstCry), और इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन का नाम शामिल है। इसके साथ ही, अपोलो टायर्स और एम्फसिस जैसी कंपनियों में भी फंड ने नई शुरुआत की है।