Tax Filing on JioFinance App: जियो फाइनेंस ऐप पर एक नई डिजिटल सुविधा शुरू की गई है। अब इस ऐप के जरिए टैक्स फाइलिंग और वित्तीय योजना बनाना आसान हो गया है। जियो फाइनेंस ऐप ने टैक्स फाइलिंग और टैक्स मैनेजमेंट के फीचर से लैस एक मॉड्यूल लॉन्च किया है। यह नया फीचर टैक्स प्लानिंग और इनकम टैक्स रिटर्न (ITR) फाइलिंग को लोगों के लिए आसान, स्मार्ट और किफायती बनाने के मकसद से तैयार किया गया है।
फाइनेंशियल एक्सप्रेस में छपी खबर के मुताबिक, जियो फाइनेंस ने इस नए फीचर को टैक्सबडी (Taxbuddy) के साथ मिलकर बनाया है। 'टैक्सबडी' ऑनलाइन टैक्स फाइलिंग और सलाह (advisory) देने वाली सर्विस है, जो टैक्सपेयर्स को डिजिटल तरीके से, नियमों का ध्यान रखते हुए, और एक्सपर्ट की मदद के साथ गाइड करती है। सिर्फ 24 रुपये में
जानिए नए मॉड्यूल में क्या है खास
इस मॉड्यूल में दो मुख्य फीचर दिए गए हैं। पहला टैक्स फाइलिंग और दूसरा टैक्स प्लानर है। टैक्स फाइलिंग फीचर पुरानी और नई टैक्स व्यवस्थाओं के बीच के कन्फ्यूजन को दूर कर सकते हैं। इसमें आपको 80C और 80D जैसी धाराओं के तहत टैक्स बचाने में मदद मिलेगी। बिना किसी महंगे बिचौलिए के आप आसानी से अपने टैक्स का हिसाब - किताब कर सकते हैं। दूसरा फीचर, टैक्स प्लानर भविष्य के टैक्स का अनुमान लगाने और उसे कम करने में मदद करता है। इसमें आपको कुछ सुविधाएं मिलती हैं, जैसे आपके लिए खास टैक्स छूट की जानकारी यानी पर्सनलाइज्ड डिडक्शन मैपिंग, हाउस रेंट अलाउंस (HRA) की जांच, और पुराने-नए टैक्स सिस्टम की तुलना जैसी सुविधाओं का फायदा उठा सकते हैं।
सिर्फ 24 रुपये में भरें रिटर्न
टैक्स फाइलिंग फीचर में यूजर चाहें तो खुद अपना रिटर्न भर सकते हैं। इसके अलावा एक्सपर्ट की भी मदद ले सकते हैं। प्लान की कीमतें सेल्फ-सर्विस के लिए सिर्फ 24 रुपये से शुरू होती हैं। वहीं अगर आपको टैक्स एक्सपर्ट की मदद चाहिए, तो वह 999 रुपये से प्लान शुरू होता है।
ऐप की मदद से आप टैक्स रिटर्न दाखिल करने के बाद उसकी स्थिति चेक कर सकते हैं। आप अपने रिफंड को ट्रैक कर सकते हैं और टैक्स से जुड़े किसी भी नोटिस का अलर्ट पा सकते हैं। इस मॉड्यूल में इनकम दर्ज करने, दस्तावेज अपलोड करने और सही टैक्स व्यवस्था चुनने की प्रक्रिया बहुत आसान है। हर कदम पर ऐप आपको गाइड करेगा।
अब नहीं रहेगी टैक्स फाइलिंग की टेंशन
जियो फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ, हितेश सेठिया ने कहा कि टैक्स फाइलिंग की डेडलाइन आते ही लोगों की घबराहट शुरू हो जाती है। ऐसे में हम चाहते हैं कि टैक्स फाइलिंग की प्रक्रिया बेहद आसान रहे। साथ ही टैक्स प्लानिंग से लोग अपनी जिम्मेदारियों को समझें।