Kotak Mahindra Bank Hybrid Home Loan: प्राइवेट सेक्टर का जाना-माना बैंक कोटक महिंद्रा बैंक ने अपने ग्राहकों को बड़ी राहत दी है। बैंक ने होम लोन पर तय अवधि के लिए ब्याज दर को लॉक करने की सुविधा का ऐलान किया है। इस सुविधा में 39 महीने, 52 महीने या 65 महीने के लिए अपने होम लोन पर ब्याज की दर लॉक कर सकता है, जिससे उसे बेंचमार्क दर रेपो रेट (Repo Rate) में उतार-चढ़ाव से सुरक्षा मिलेगी।
बैंक की तरफ से जारी प्रेस रिलीज में कहा गया कि घर खरीदना ग्राहक की वित्तीय यात्रा की सिर्फ शुरुआत होती है। इसके बाद के सालों में परिवारों को हर महीने की किस्त (EMI) के साथ-साथ घर की साज-सज्जा, बच्चों की शिक्षा, बचत और रोजाना के खर्चों को भी मैनेज करना पड़ता है। इसी जरूरत को देखते हुए आज कोटक महिंद्रा बैंक ने अपने हाइब्रिड होम लोन की शुरुआत की है।
Repo Rate में उतार-चढ़ाव का EMI पर नहीं पड़ेगा असर
कोटक महिंद्रा बैंक में मॉर्गेज हेड नकुल सक्सेना ने कहा, "होम लोन कई दशकों तक चल सकता है और इस दौरान ब्याज दरों के कई साइकिल आ सकते हैं। कई कर्जदार के लिए ब्याज दर की हर समीक्षा के साथ यह सवाल उठता है कि अगला बदलाव उनकी EMI या घरेलू बजट को किस तरह प्रभावित करेगा। साथ ही, समय के साथ कमाई, प्राथमिकताओं और वित्तीय जिम्मेदारियों में बदलाव के बीच परिवारों को जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण खर्चों का भी संतुलन बनाना पड़ता है। ग्राहकों को 65 महीनों तक अपनी ब्याज दर लॉक करने का विकल्प देकर, कोटक हाइब्रिड होम लोन घर का स्वामित्व लेने के शुरुआती सालों में फाइनेंशियल प्लानिंग के लिए एक उपयोगी सुरक्षा प्रदान करता है।"
हाइब्रिड लोन की क्या है खासियत?
तय किया गया समय पूरा होने के बाद, लोन अपने आप फ्लोटिंग-रेट स्ट्रक्चर में बदल जाएगा। यह स्कीम होम लोन और एसेट के बदले लिए गए लोन दोनों के रूप में उपलब्ध है। इसकी कीमत बैंक के फ्लोटिंग-रेट होम लोन के समान स्तर पर रखी गयी है और हाइब्रिड स्ट्रक्चर चुनने के लिए कोई अलग प्रीमियम नहीं लिया जायेगा। बैंक ने बताया कि हाइब्रिड होम लोन वेतनभोगियों और स्वरोजगार करने वाले ग्राहकों के लिए उपलब्ध है।