
Ladki Bahin Yojana: महिलाओं की आर्थिक दशा बेहतर करने के लिए राज्य सराकरों और केंद्र सरकार की ओर से कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। ऐसे ही महाराष्ट्र में भी लाडकी बहिन योजना (Ladki Bahin Yojana) चलाई जा रही है। यह महाराष्ट्र की पॉपुलर योजनाओं में से एक है। इस योजना को लेकर राज्य की राजनीति गरमा गई है। योजना की करीब 80 लाख लाभार्थी महिलाओं के अपात्र घोषित कर दिया गया है।
इसके बाद विपक्ष ने सरकार पर तीखा हमला बोला है। विपक्षी नेताओं का आरोप है कि विधानसभा चुनाव के दौरान बड़े पैमाने पर महिलाओं को योजना का लाभ दिया गया, लेकिन चुनाव खत्म होते ही लाभार्थियों की संख्या कम करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, लाडकी बहीन योजना (Mukhyamantri Ladki Bahin Yojana) के शुरु होने के बाद राज्य भर में 2.46 करोड़ से अधिक महिलाओं ने पंजीकरण कराया था। हालांकि ई-केवाईसी, आय सीमा और अन्य पात्रता मानदंडों की जांच के बाद अब पात्र लाभार्थियों की संख्या घटकर 1.66 लाख रह गई है। यानी लगभग 80 लाख महिलाएं योजना से बाहर हो गई हैं।
सरकार ने रिकॉर्ड्स के सत्यापन और अपात्र लाभार्थियों की पहचान के लिए e-KYC अभियान चलाया था, जिसकी अंतिम तारीख 30 अप्रैल तय की गई थी। कई महिलाओं ने समय सीमा बढ़ाने की मांग की, लेकिन अधिकारियों का कहना है कि लाभार्थियों को प्रक्रिया पूरी करने के लिए पर्याप्त समय दिया गया था। एक रिपोर्ट में सरकारी अधिकारियों के हवाले से कहा गया है कि जिन महिलाओं के नाम सूची से हटाए गए हैं, उनमें बड़ी संख्या उन लोगों की है जिन्होंने e-KYC पूरी नहीं कराई या निर्धारित समय तक अपने दस्तावेज अपडेट नहीं किए। इसके अलावा अधूरे दस्तावेज, आय और पात्रता से जुड़े नियमों को पूरा नहीं करना तथा व्यक्तिगत जानकारी में गड़बड़ी भी नाम हटने की वजह बनी।
अधिकारी ने कहा, ''करीब 50 से 55 लाख महिलाओं ने यह प्रक्रिया पूरी ही नहीं की, जबकि दो से तीन लाख ने इस दौरान अपनी गलतियों में सुधार किया। इसके अलावा, करीब 12 लाख महिलाएं आयकर दाता पाई गईं, जो 2.5 लाख रुपये की वार्षिक आय सीमा से अधिक हैं और 4.5 लाख से अधिक महिलाएं 65 वर्ष की अधिकतम आयु सीमा पार कर चुकी थीं।'' उन्होंने यह भी बताया कि करीब पांच लाख महिलाएं पहले से नमो शेतकरी योजना का लाभ उठा रही हैं। 'ई-केवाईसी' पूरी करने के बावजूद मासिक किस्त न मिलने की शिकायतों पर अधिकारी ने कहा, ''वास्तविक लाभार्थियों की अंतिम संख्या एक सप्ताह में स्पष्ट हो जाएगी और शिकायतों का पुन: सत्यापन किया जा रहा है।''
ऐसे में विपक्ष लाभार्थियों की संख्या में आई इस गिरावट को लेकर सरकार को घेरने की कोशिश कर रहा है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार गुट) की सांसद सुप्रिया सुले ने इस मुद्दे पर सरकार की कड़ी आलोचना की है। सुप्रिया सुले ने कहा कि लाडकी बहिन योजना के तहत 80 लाख महिलाओं को अयोग्य घोषित कर दिया गया है। इस योजना को चुनाव के समय बिना किसी सही जांच-पड़ताल के जल्दबाजी में लागू किया गया था। यह सचमुच अजीब बात है कि लगभग एक या डेढ़ साल बाद सरकार को अचानक एहसास हुआ कि इस योजना के तहत 80 लाख महिलाएं अयोग्य हैं। यह इस सरकार की तरफ से राजनीतिक, प्रशासनिक और कार्यान्वयन के मामले में एक सामूहिक और घोर विफलता है।
सुप्रिया सुले ने तीखा हमला करते हुए कहा कि 80 लाख का आंकड़ा किसी भी तरह से छोटा नहीं है। सुप्रिया सुले ने मांग की कि हमारा पक्का रुख है कि किसी भी हाल में महाराष्ट्र की हर बहन को 'लाडकी बहिन योजना' का लाभ नियमित रूप से मिलना चाहिए। इसके लिए KYC (अपने ग्राहक को जानें) सत्यापन को एक तय, सख्त समय सीमा के भीतर पूरा करने की शर्त को बाधा नहीं बनने दिया जाना चाहिए। यह सुनिश्चित करें कि KYC पूरा करने का अवसर हमेशा उपलब्ध रहे, ताकि राज्य की एक भी योग्य महिला इस योजना के लाभ से वंचित न रहे।
Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.
MoreOops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.