Ladki Bahin Yojana: महिलाओं की आर्थिक दशा बेहतर करने के लिए राज्य सराकरों और केंद्र सरकार की ओर से कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। ऐसे ही महाराष्ट्र में भी लाडकी बहिन योजना (Ladki Bahin Yojana) चलाई जा रही है। यह महाराष्ट्र की पॉपुलर योजनाओं में से एक है। इस योजना पर कई बार विवाद हुआ है। अब एक बार फिर से विवादों में घिर गई है। यह विवाद कोर्ट की चौखट पर भी पहुंच गया। बॉम्बे हाई कोर्ट ने इस बात पर कड़ी नाराजगी जताई है कि सरकार रिटायर्ड कर्मचारियों को पेंशन और हक देने के लिए पैसे दिए बिना ही इस स्कीम पर हजारों करोड़ रुपये फूंक रही है। इतना ही नहीं, कोर्ट ने राज्य सरकार को सीधी चेतावनी भी दी है कि 'अगर पैसे नहीं हैं, तो स्कीम बंद कर दो।'
मराठी वेबसाइट महाराष्ट्र टाइम्स में छपी खबर के मुताबिक, म्युनिसिपल एजुकेशन डिपार्टमेंट (मुंबई महानगर पालिका - BMC) से रिटायर्ड एक महिला ने सातवें पे कमीशन के हिसाब से पेंशन, ग्रेच्युटी और दूसरे फायदे न मिलने पर कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। इस पिटीशन पर सुनवाई करते हुए जस्टिस रवींद्र घुगे और जस्टिस अभय मंत्री की बेंच ने सरकार और मुंबई महानगर पालिका को आड़े हाथों लिया। लाडकी बहिन योजना स्कीम को लेकर हाई कोर्ट में सुनवाई के दौरान तीखी बहस हुई।
कोर्ट के सवाल
महानगर पालिका की ओर से पेश हुए वकील ने बचाव करते हुए दावा किया कि राज्य सरकार से फंड नहीं मिला है। इस पर कोर्ट ने सरकार की प्राथमिकताओं पर सवाल उठाए और 'लाडकी बहिन' स्कीम पर हो रहे भारी खर्च की ओर इशारा किया और कोर्ट ने वकील के दावे को खारिज कर दिया। वहीं कोर्ट ने सवाल किया कि आपके पास कर्मचारियों का बकाया देने के लिए कोई फंड नहीं है, लेकिन स्कीमों पर हजारों करोड़ खर्च हो रहे हैं?" इस पर कोर्ट का लहजा और सख्त हो गया।
पैसे नहीं है तो मेज-कुर्सी बेच दो - बॉम्बे हाईकोर्ट
कोर्ट ने मुंबई महानगर पालिका को फटकार लगाते हुए कहा, "अगर पैसे नहीं हैं, तो नगर निगम की टेबल, कुर्सियां और AC बेच दो। अगर आपको कमिश्नर की कार बेचना पड़े तो वो भी मंजूर होगा, लेकिन कर्मचारियों का बकाया देना होगा।" कोर्ट ने एडिशनल कमिश्नर को इस मामले का स्पष्टीकरण देने के लिए एफिडेविट जमा करने का भी आदेश दिया है।
लाडकी बहिन योजना पर लटकी तलवार
सरकार एक तरफ महिलाओं के लिए जरूरी माने वाली स्कीम और दूसरी तरफ रिटायर्ड कर्मचारियों को खत्म होते अधिकारों के बीच फंसी हुई नजर आ रही है। ऐसे में अब सबकी नजर 'लाडकी बहिन' योजना के भविष्य पर टिकी हुई है।
बढ़ गई KYC की डेडलाइन
इधर राज्य सरकार की ओर से लाडकी बहिन योजना की महिला लाभार्थियों को बड़ी राहत मिली है। सरकार ने E-KYC सत्यापन प्रक्रिया पूरी करने के लिए 30 अप्रैल तक का समय बढ़ा दिया है। यह प्रक्रिया मूल रूप से सितंबर 2025 में शुरू हुई थी। इसको पहले भी कई बार बढ़ाया जा चुका है। कई महिलाएं तकनीकी गड़बड़ियों, पोर्टल के बंद होने, या गलत विकल्प चुनने के कारण यह प्रक्रिया पूरी नहीं कर पाई थी। मंत्री अदिति तटकरे ने बताया कि कई तरह की शिकायतें मिलने के बाद समय सीमा बढ़ाई गई है।