Ladki Bahin Yojana e-KYC: महाराष्ट्र लाडकी बहिन योजना एक बार फिर से चर्चा में आ गई है। इस बार ये योजना अपनी किस्त की वजह से नहीं बल्कि लाभार्थियों की परेशानी की वजह से सुर्खियों में बनी हुई है। दरअसल इस योजना के लाभार्थी इस वक्त काफी परेशान घूम रहे हैं।
लाडकी बहिन योजना के लाभार्थियों के लिए ई-केवाईसी अनिवार्य कर दी गई है,लेकिन जब लाभार्थी ई-केवाईसी करवाने की कोशिश कर रहे हैं, तो उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।लाभार्थियों का कहना है कि ई-केवाईसी में हुई गलतियों को ठीक करने के लिए सरकार ने पोर्टल को 31 मार्च 2026 तक, तो खोल दिया है, लेकिन ये सही से काम ही नहीं कर रहा है।
पुणे जिले के पौड गांव की लाभार्थी सरिता से जब बात की गई तो उन्होंने कहा कि मुझे पिछले 4 महीने से पैसा नहीं मिला है। मुझे कहा गया कि ई-केवाईसी अधूरा है। अब पोर्टल तो खुल गया है, लेकिन मैं लॉग-इन नहीं कर पा रही हूं। इस समस्या का सामना हजारों लोग कर रहे हैं।इसके अलावा लाभार्थियों का कहना है कि आंगनबाड़ी में लाडकी बहिन योजना का वेरिफिकेशन हो रहा है, वो भी अभी बंद हो गया है। ऐसे में अब लाभार्थियों के मन में ये सवाल है कि अगर 31 मार्च तक ई-केवाईसी में सुधार नहीं हुआ, तो क्या होगा?
क्या रुक जाएंगे पैसे?
महाराष्ट्र सरकार ने मुख्यमंत्री माझी लाडकी बहिन योजना के तहत लाभार्थी महिलाओं को बड़ी राहत दी है। महिला एवं बाल विकास मंत्री अदिति तटकरे ने स्पष्ट किया है कि किसी भी पात्र महिला को केवल दस्तावेज़ी या तकनीकी भूल की वजह से लाभ से वंचित नहीं रखा जाएगा।
दो महीने की किस्त अटकी
लाडकी बहिन योजना की लाभार्थियों का कहना है कि अभी तक उनकी जनवरी की भी किस्त नहीं आई है और फरवरी की किस्त के बारे में भी कोई अपडेट नहीं दिया जा रहा है। ऐसे में लाडकी बहिन योजना की लाभार्थी काफी परेशान हैं। जनवरी और फरवरी की किस्त को लेकर सूत्रों ने बताया कि दोनों किस्त एक साथ आ सकती हैं और वो मार्च के पहले सप्ताह में जारी हो सकती है।