Ladli Behna Yojana: महिलाओं की आर्थिक स्थिति बेहतर करने के मकसद से राज्य सरकारें और केंद्र सरकार की ओर से कई तरह की योजनाएं चलाई जा रही हैं। इसी कड़ी मध्य प्रदेश सरकार ने लाडली बहना योजना (Ladli Behna Yojana) की शुरुआत की है। इस योजना के जरिए राज्य की बहनों को हर महीने 1250 रुपये की आर्थिक सहायता मुहैया कराई जाती हैं। इस बीच मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव ने महिलाओं के लिए बड़ा तोहफा दिया है। राज्य सरकार ने 250 रुपये बढ़ाने का ऐलान किया है। ऐसे में राज्य की महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये मिलेंगे।
बता दें कि रक्षाबंधन के मौके पर राज्य सरकार ने महिलाओं को लाड़ली योजना के तहत 250 रुपये का शगुन देने का ऐलान किया था। ऐसे में महिलाओं को 1500 रुपये की किस्त दी गई थी। वहीं अब राज्य के सीएम मोहन यादव ने ऐलान किया है कि दीपावली के बाद भाई दूज से लाड़ली बहनों को हर महीने 1500 रुपये दिए जाएंगे।
साल 2028 तक महिलाओं को मिलेंगे 3000 रुपये
ETV में छपी खबर के मुताबिक, मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव ने पन्ना में महिला सम्मान कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान मोहन यादव ने कहा कि हमने जब लाड़ली बहना योजना की शुरुआत की तो विरोधी बोल रहे थे कि कितना देंगे और कब तक देंगे। इनके पास तो पैसा ही नहीं है। चुनाव से पहले 1000 रुपये देते थे। पिछले साल से 1250 रुपये कर दिया गया। रक्षाबंधन पर अलग से 250 रुपए बहनों को देते थे। अब भाई दूज से बहनों के खातों में 1500 रुपये आएंगे। इसके बाद 2026 और 2027 में ये राशि और बढ़ाएंगे और 2028 तक लाडली बहनों के खातों में 3000 रुपये मिलना शुरू हो जाएगा।
खजाने में नहीं आएगी कमी - सीएम
रिपोर्ट के मुताबिक, राज्य के सीएम मोहन यादव ने आगे कहा कि लाड़ली बहनों के हाथों से एक भी पैसा बर्बाद नहीं होता है। बच्चों की अच्छी परवरिश, बड़े-बूढ़ों की दवाई और घर की जरूरतों के लिए बहने इस पैसे का इस्तेमाल कर रही हैं। उन्होंने कहा कि अभी नया सर्वे आया है कि जहां-जहां लाड़ली बहन योजना लागू की गई है। वहां उनके घर सुख की वर्षा हुई है। हमारी सरकार के पास पैसों की कोई कमी नहीं है। हम लाड़ली बहनों के खजाने में कोई कमी नहीं आने देंगे।
जानिए लाड़ली बहना योजना में किसे मिलता है फायदा?
1 - लाड़ली बहना योजना का फायदा उठाने के लिए मध्यप्रदेश का मूल निवासी होना जरूरी है।
2 - विवाहित, विधवा, तलाकशुदा एवं परित्यक्ता महिलाएं भी इस योजना का फायदा उठा सकती हैं।
3 - 21 वर्ष की आयु पूरी कर चुकी महिलाएं अप्लाई कर सकती हैं।
4 - किसी भी वर्ग की महिलाएं इस योजना का लाभ उठा सकती हैं।
5 - स्वयं या परिवार का कोई भी सदस्य आयकरदाता न हो।
6 - जिनके परिवार के पास 5 एकड़ से कम भूमि हो, वो महिलाएं अप्लाई कर सकती हैं।
7 - लाड़ली बहना योजना के तहत 21 से 59 साल की पात्र महिलाओं को हर महीने 1250 रुपये दिए जाते हैं।
मध्य प्रदेश सरकार के लिए गेम चेंजर है लाड़ली बहना योजना
मध्य प्रदेश सरकार ने लाड़ली बहना योजना की शुरुआत 15 मार्च 2023 से की गई थी। मध्य प्रदेश चुनावों में बीजेपी के लिए यह योजना गेमचेंजर साबित हुई है। इस योजना में पहले 1000 रुपये दिए जाते थे, जिसे बाद में बढ़ाकर 1250 रुपये किया गया। हालांकि इसे 1500 रुपये करने की बात लंबे समय से चल रही थी। अब 1500 रुपये कर दिया गया है।
रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया बंद
लाड़ली बहना योजना एमपी में बीते करीब डेढ़ साल से नए रजिस्ट्रेशन नहीं किए गए हैं। सितंबर 2023 में आखिरी बार नए नाम जोड़े गए थे, लेकिन इसके बाद विधानसभा चुनाव के कारण आचार संहिता लागू हो गई थी और रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया ठप हो गई।