Lado Lakshmi Yojana: हरियाणा में महिलाओं को लाडो लक्ष्मी स्कीम के तहत 2100 रुपये मिल रहे हैं। लेकिन यहां करीब 25,000 फर्जी आवेदन पकड़े गए हैं। महिलाओं की फोटो लगाकर पुरुषों ने भी अप्लाई कर दिया। इसके अलावा पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, दिल्ली और राजस्थान की महिलाओं ने भी अप्लाई कर दिया। सरकार ने फर्जी आवेदनों को रिजेक्ट कर दिया है। इसके अलावा स्कीम से जुड़े अधिकारियों के लिए अलर्ट जारी कर दिया है कि कहीं कोई फर्जी व्यक्ति इसका लाभ न उठा सके।
सरकार के मुताबिक 30 नवंबर तक इस स्कीम के लिए 9 लाख 592 महिलाओं ने आवेदन किया था। यहीं सरकार का माथा ठनका ,क्योंकि सरकारी आंकड़ों के मुताबिक करीब 7 लाख महिलाएं ही स्कीम की नियम-शर्तों के दायरे में आती हैं।
फोटो महिला की, आवेदन पुरुष कर रहा
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हरियाणा सरकार ने आवेदनों की वेरिफिकेशन शुरू की तो 1,237 आवेदन ऐसे मिले, जिनमें फोटो तो महिलाओं की लगी थी, लेकिन आवेदन करने वाला पुरुष था। उन्होंने महिलाओं की फेक ID लगाई और एप्लिकेशन भर दी थी। हैरानी की बात यह है कि हरियाणा सरकार की इस स्कीम का फायदा उठाने के लिए पड़ोसी राज्यों के प्रदेश से सटे जिलों की महिलाओं ने भी आवेदन कर दिया। इनमें पंजाब की 11,908, हिमाचल की 2,732, उत्तर प्रदेश की 4,785, दिल्ली की 2,932 और राजस्थान की 1,339 महिलाएं शामिल हैं। वहीं लाडो लक्ष्मी योजना का फायदा उठाने के लिए हरियाणा का निवासी होना जरूरी है।
पहले भी बीजेपी शासित राज्य से सामने आ चुके हैं ऐसे मामले
हरियाणा की लाडो लक्ष्मी योजना से पहले कुछ इसी तरह के मामले महाराष्ट्र से भी सामने आ चुके हैं। राज्य में करीब 12,000 से ज्यादा पुरुषों के नाम मुख्यमंत्री माझी लाडकी बहिन योजना" के तहत 13 महीनों तक मंथली 1,500 रुपये का लाभ फर्जी तरीके लेने की बात उजागर हुई। कुल धोखाधड़ी 24 करोड़ रुपये से ज़्यादा की थी। महाराष्ट्र में यह योजना नवंबर 2024 के विधानसभा चुनावों से कुछ महीने पहले शुरू की गई थी और सत्तारूढ़ भाजपा-शिवसेना के नेतृत्व वाली महायुति गठबंधन की जीत में इसकी अहम भूमिका रही।
लाडो लक्ष्मी योजना में बड़ा बदलाव
दो किस्तें जारी करने के बाद हरियाणा सरकार ने लाडो लक्ष्मा योजना में बड़ा बदलाव किया है। सूचना विभाग के मुताबिक अब योजना का लाभ हर 3 महीने के अंतराल पर मिलेगा और 3 महीन की किस्त एक साथ खाते में हरियाणा सरकार भेजेगी। मुख्यमंत्री सैनी का कहना है कि "यह सिर्फ आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि महिलाओं के सामाजिक सशक्तिकरण और आर्थिक स्वावलंबन की दिशा में एक मजबूत पहल है।
जानिए क्या है लाडो लक्ष्मी योजना
हरियाणा में महिलाओं की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के लिए बीजेपी ने विधानसभा चुनावों से पहले एक बड़ा ऐलान किया था। इस घोषणा के मुताबिक राज्य की हर पात्र महिला को हर महीने 2100 रुपये की मदद दी जाएगी। इसके बाद हरियाणा सरकार के 2025-26 के बजट में इस योजना के लिए 5000 करोड़ रुपये के बजट का भी आवंटन कर दिया गया। योजना की पहली किस्त जारी हो गई है। अब दूसरी किस्त का इंतजार है।
इन महिलाओं को मिलेगा फायदा
1. हरियाणा की वे महिलाएं जिनकी उम्र 23 वर्ष या उससे अधिक है, इस योजना के पात्र होंगी।
2. परिवार की सालाना इनकम 1 लाख रुपये से कम होनी चाहिए।
3. जो महिलाएं या उनके पति अन्य राज्य से शादी के बाद हरियाणा में स्थाई रूप से पिछले 15 वर्षों से रह रही हैं, वे भी योजना का लाभ हासिल कर सकती हैं।
इन दस्तावेजों की होगी जरूरत
1. परिवार पहचान पत्र (PPP)
2. हरियाणा का 15 साल से ज्यादा का आवास प्रमाण पत्र
4. आय प्रमाण पत्र (पहले चरण में 1 लाख या उससे कम आय का प्रमाण पत्र)