Cheque Spelling rules: आज के समय में बैंक हमारी रोजमर्रा की जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुके हैं। कई बार हम चेक से पेमेंट करते हैं, जिसमें रकम शब्दों और अंकों दोनों में लिखनी होती है। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि कुछ लोग ‘Lakh’ लिखते हैं, तो कुछ ‘Lac’? आखिर सही क्या है और क्या गलत लिखने से चेक कैंसिल हो सकता है?
‘Lakh’ और ‘Lac’ में फर्क आखिर क्या है?
दरअसल, ‘Lakh’ भारतीय नंबरिंग सिस्टम का हिस्सा है और इसका मतलब होता है 100,000 यानी एक लाख। वहीं, ‘Lac’ शब्द इंग्लिश डिक्शनरी में एक रेजिन (लाख कीड़े से बनने वाला पदार्थ) के लिए इस्तेमाल किया जाता है, जो वार्निश और पॉलिश में काम आता है। इसलिए, तकनीकी रूप से ‘Lakh’ सही शब्द है जब बात पैसों या किसी रकम की हो।
RBI क्या कहता है इस पर?
दिलचस्प बात यह है कि भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने आम जनता के लिए इस विषय पर कोई सीधा निर्देश जारी नहीं किया है। अगर आप चेक पर ‘Lac’ लिखते हैं, तो उसके कैंसिल होने की कोई संभावना नहीं है। हालांकि, RBI की आंतरिक गाइडलाइन के अनुसार, बैंकिंग दस्तावेजों और आधिकारिक नोट्स पर ‘Lakh’ का इस्तेमाल किया जाना चाहिए। यही कारण है कि RBI की वेबसाइट और करेंसी नोट्स पर भी हमेशा ‘Lakh’ ही लिखा होता है।
चूंकि भारत में दोनों शब्द आम बोलचाल में इस्तेमाल होते हैं और RBI ने इसके लिए कोई सख्त नियम नहीं बनाए हैं, इसलिए बैंक आमतौर पर इसे लेकर आपत्ति नहीं करते।
तो आखिर सही क्या है?
अगर आपसे पूछा जाए कि दोनों में से कौन-सा लिखना ठीक रहेगा, तो जवाब होगा ‘Lakh’। यह न सिर्फ आधिकारिक रूप से सही शब्द है बल्कि यह भारतीय बैंकिंग सिस्टम और आरबीआई के मानकों के अनुरूप भी है। इसलिए कोशिश करें कि आप हर वित्तीय दस्तावेज, खासकर चेक, में ‘Lakh’ का ही इस्तेमाल करें ताकि आपकी एंट्री साफ-सुथरी और प्रोफेशनल लगे।