
LIC Portfolio Stocks: देश की सबसे बड़ी इंश्योरेंस कंपनी भारतीय जीवन बीमा निगम लिमिटेड (LIC) ने एक बार फिर मार्केट में अपनी मजबूत मौजूदगी दिखाई है। कंपनी ने अडानी ग्रुप की प्रमुख सीमेंट कंपनी ACC लिमिटेड में अपनी हिस्सेदारी 10 प्रतिशत के महत्वपूर्ण स्तर से ज्यादा बढ़ा दी है। इसके साथ ही पब्लिक सेक्टर कंपनी NBCC (इंडिया) में भी शेयर खरीदकर अपना निवेश बढ़ाया है। दोनों ही खरीदारी पूरी तरह ओपन मार्केट के जरिए हुई हैं।
भारतीय जीवन बीमा निगम लिमिटेड (LIC) की तरफ से दाखिल एक्सचेंज फाइलिंग के मुताबिक, LIC ने 20 मई 2025 से 25 नवंबर 2025 के बीच ओपन मार्केट से ACC के 37,82,029 अतिरिक्त शेयर खरीदे। ये शेयर कंपनी की कुल इक्विटी का 2.014 प्रतिशत हैं। इस खरीदारी के बाद बीमा कंपनी के पास अब ACC के 1,98,97,064 शेयर हो गए हैं। यह कंपनी की कुल पेड-अप कैपिटल का 10.596 प्रतिशत है।
दूसरी तरफ, NBCC (इंडिया) लिमिटेड में भी LIC ने अपनी पकड़ मजबूत की है। कंपनी ने 30,24,672 नए शेयर खरीदे, जो कुल वोटिंग कैपिटल का 2.071 प्रतिशत हैं। खरीदारी के बाद बीमा कंपनी के पास अब 12,08,91,590 शेयर हो गए हैं। यानी कुल हिस्सेदारी 4.477 प्रतिशत हो गई है।
हालांकि, इस बढ़ोतरी के बाद भी प्रतिशत में कमी देखने को मिल रही है। इसके पीछे की वजह NBCC का बढ़ा हुआ वोटिंग कैपिटल बेस है। दरअसल, पहले 180 करोड़ शेयर थे, जबकि अब 270 करोड़ शेयर हो गए हैं। यह बढ़ोतरी कंपनी के हाल के फंड जुटाने और बोनस इश्यू जारी करने की वजह से हुई है। LIC ने साफ किया है कि 25 अप्रैल 2018 से 24 नवंबर 2025 तक के पीरिएड में खरीदारी ओपन मार्केट में हुई है।
ACC के शेयर शुक्रवार को दोपहर 12:58 बजे 1.08% की गिरावट के साथ 1,850 के लेवल पर कारोबार कर रहे थे। पिछले 1 महीने में शेयर 0.58 प्रतिशत नीचे आए हैं, जबकि 6 महीने की अवधि में 3.5 प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट आई है। वहीं, एक वर्ष की अवधि में लगभग 15.5 प्रतिशत की गिरावट आई है। यानी पिछले एक साल से शेयरों पर दबाव देखने को मिल रहा है। इसके बावजूद LIC ने स्टॉक पर भरोसा दिखाया है।
वहीं, NBCC (India) के शेयर शुक्रवार को दोपहर 1 बजे 0.26% की बढ़ोतरी के साथ 117.72 के लेवल पर कारोबार कर रहे थे। पिछले एक महीने की अवधि में इस स्टॉक ने लगभग 7 प्रतिशत की बढ़त हासिल की है, जबकि 6 महीने की अवधि में करीब 2 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई है। वहीं, एक साल के दौरान 19 प्रतिशत से ज्यादा का उछाल देखने को मिला है।
Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.