LIC Policy Revival Campaign: भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) ने अपने पॉलिसीहोल्डर्स को एक बड़ी राहत दी है। दरअसल, सरकारी बीमा कंपनी ने एक खास पॉलिसी रिवाइवल कैंपेन की शुरुआत की है। इस कैपेंन के तहत पॉलिसीहोल्डर्स अपनी लैप्स हुई पॉलिसी को दोबारा चालू करा सकते हैं। यह अभियान सोमवार 18 अगस्त 2025 से शुरू हो चुका है, जबकि 17 अक्टूबर 2025 तक चलेगा। इस अवधि के दौरान, जिन लोगों की पर्सनल और नॉन-लिंक्ड इश्योरेंस पॉलिसी हुई है, वे इसका फायदा उठा सकते हैं। इस कैंपेन की सबसे अहम बात यह है कि लेट फीस पर 30 प्रतिशत की छूट दी जा रही है। यह उन पॉलिसीधारकों के लिए बेहतरीन अवसर हो सकता है, जिन्होंने किसी वजह से प्रीमियम भरना बंद कर दिया था और अब उसे दोबारा चालू कराने की मन बना रहे हैं।
कौन सी पॉलिसी दोबारा करा सकते हैं चालू?
LIC की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, वे पॉलिसी जो पहला प्रीमियम न चुकाए जाने की तारीख से 5 साल के भीतर हैं और जिनका पॉलिसी टर्म अभी पूरा नहीं हुआ है, उन्हें रिवाइव किया जा सकता है । उदाहरण से समझिए: मान लीजिए आपने दिसंबर 2020 में 10 साल की अवधि वाली एक व्यक्तिगत, नॉन-मार्केट लिंक्ड पॉलिसी खरीदी थी, जिसमें 5 साल तक प्रीमियम भरना था। लेकिन 2021 के बाद आपने लगातार 3 साल तक प्रीमियम नहीं भरा। इस वजह से आपकी पॉलिसी लैप्स हो गई। लेकिन यह पॉलिसी प्रीमियम भुगतान अवधि (5 साल) के दौरान लैप्स हुई और इसका 10 साल का टर्म अभी पूरा नहीं हुआ। ऐसे में आप इस स्कीम के तहत इसे दोबारा रिवाइव करा सकते हैं।
पॉलिसी कब लैप्स होती है और क्या है ग्रेस पीरिड
बता दें कि अगर आपने प्रीमियम की ड्यू डेट तक पेमेंट नहीं किया, तो पॉलिसी तुरंत लैप्स नहीं होती है। इश्योरेंस कंपनियां आपको प्रीमियम के पेमेंट के लिए अतिरिक्त समय देती हैं। इस समय को ही ग्रेस पीरिएड कहा जाता है। अगर आपने ग्रेस इस दौरान भी प्रीमियम का भुगतान नहीं किया, तो कंपनी लेट फीस और ब्याज वसूलना चालू कर देती है। वहीं, ग्रेस पीरिएड में प्रीमियम का भुगतान नहीं होने पर पॉलिसी लैप्स हो जाती है। मालूम हो कि हर महीने प्रीमियम भरने वाली पॉलिसीज के लिए ग्रेस पीरिएड 15 दिन का होता है, जबकि तिमाही और छमाही के लिए 30 दिनों का होता है।