Bank Loan: आज के दौर में घर, गाड़ी, शिक्षा या शादी जैसी बड़ी जरूरतों के लिए लोन लेना एक आम बात हो गई है। आमतौर पर माना जाता है कि लोन लेने के लिए बैंक में अकाउंट होना बहुत जरूरी है। इसकी वजह से कई लोग बिना बैंक अकाउंट के कर्ज के लिए आवेदन करने से कतराते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि बिना बैंक अकाउंट के भी लोन लेना मुमकिन है? जी हां, हालांकि यह थोड़ा चुनौतीपूर्ण हो सकता है और इसमें विकल्प सीमित होते हैं। हालांकि कुछ संस्थान छोटी राशि का लोन दे सकते हैं।
कई ऐसी वित्तीय संस्थाएं हैं जो बिना खाते के भी आपकी मदद कर सकती हैं। ऐसे में आप माइक्रोफाइनेंस कंपनियों, NBFC, गोल्ड लोन संस्थाओं या फिनटेक ऐप्स के जरिए छोटी राशि का लोन हासिल कर सकते हैं। आप किसी एनबीएफसी, छोटे वित्त संस्थान, फिनटेक एप्स, गोल्ड लोन या प्रॉपर्टी लोन ले सकते हैं. हालांकि इसमें आपको कोई बड़ा लोन नहीं मिल पाएगा बल्कि छोटा सा लोन ही मिल सकता है।
जानिए बिना बैंक अकाउंट के कहां से मिलेगा लोन
माइक्रोफाइनेंस कंपनीज
ये संस्थाएं छोटे स्तर की होती हैं और बिना बैंक खाते के ही लोन देती हैं। ये लोन आपको आधार कार्ड और आय से जुड़े प्रमाण पत्रों के आधार पर मिल सकते हैं।
गोल्ड लोन
बैंक या NBFC में सोना गिरवी रखकर आप बिना बैंक खाते के भी लोन ले सकते हैं। ये लोन आपके सोने के वजन पर आधारित होते हैं। हालांकि ये भी याद रखें कि आपको गोल्ड लोन 100 फीसदी नहीं मिलेगा। बल्कि 75 से 80 प्रतिशत अमाउंट मिलेगा।
पे-डे लोन
ये लोन बहुत छोटे समय का लोन होता है, इसे एक हफ्ते के हिसाब से या आपकी सैलेरी की आधार पर दिया जाता है। लेकिन इसकी ब्याज दर आम लोन के मुताबिक ज्यादा हो सकती है।
डिजिटल वॉलेट
कुछ फिनटेक ऐप्स डिजिटल वॉलेट के जरिए छोटी राशि का लोन देते हैं। इसे आप बिना बैंक खाते के सीधे इस्तेमाल कर सकते हैं। इनकी भी ब्याज दर ज्यादा हो सकती है।
क्या हैं आपके अधिकार?
लोन लेने की प्रक्रिया में भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने ग्राहकों के हितों की रक्षा के लिए कई नियम बनाए हैं। लोन लेने वाले हर व्यक्ति के पास कुछ खास अधिकार होते हैं, जैसे पारदर्शिता का अधिकार जिसके तहत बैंक या संस्था को ब्याज दर और सभी शुल्कों की जानकारी लिखित में देनी होगी।
इसके अलावा, रिकवरी एजेंट आपके साथ अभद्र व्यवहार नहीं कर सकते और सुबह 8 बजे से पहले या शाम 7 बजे के बाद आपको परेशान नहीं कर सकते। यदि आप समय से पहले लोन चुकाना चाहते हैं, तो बिना किसी पेनल्टी के इसे 'फोरक्लोज' करने का भी आपके पास अधिकार है। लोन चुकाने के बाद अपने मूल दस्तावेज 30 दिनों के भीतर वापस पाना भी आपका कानूनी हक है।