LPG ATM: देशभर में इन दिनों लोगों को कुकिंग गैस की चिंता रही है। बहुत से लोगों को डर रहता है कि कब सिलेंडर खत्म हो जाए और बाद में मिले या नहीं मिले। सप्लाई में रुकावट की चिंता से गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें नजर आईं। इस बीच गुरुग्राम में भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) ने एलपीजी एटीएम की शुरुआत कर बड़ी राहत दी है। इसे एक पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर शुरू किया गया है।
यह सुविधा भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड के तहत भारत गैस की ओर से पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर शुरू गई है। इसका मकसद लोगों को 24 घंटे आसान और तेज गैस उपलब्ध कराना है। ऐसे में चलिए अब आपको भी बताते हैं कि अब आपका एलपीजी सिलेंडर एटीएम से कैसे रिफिल होगा और किन लोगों को इस सुविधा का फायदा मिलेगा।
कैसे काम करता है LPG ATM?
एलपीजी एटीएम पूरी तरह डिजिटल और ऑटोमेटेड सिस्टम पर काम करता है। उपभोक्ता कुछ आसान स्टेप्स में सिलेंडर रिफिल कर सकते हैं। इसके लिए उपभोक्ता को मशीन पर अपना रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर डालना होगा। फिर ओटीपी की जरिए वेरिफिकेशन करना होगा। वहीं खाली सिलेंडर पर लगे क्यूआर कोड या बारकोड को स्कैन करना होगा। इसके बाद यूपीआई, डेबिट कार्ड या दूसरे डिजिटल माध्यम से पेमेंट करना होगा। प्रक्रिया पूरी होने के बाद मशीन खाली सिलेंडर को अपने पास रख लेती है और 2 से 3 मिनट के अंदर ही भरा हुआ सिलेंडर बाहर निकाल देती है।
ऑटोमैटिक होती है सप्लाई
इस LPG ATM मशीन की क्षमता करीब 10 गैस सिलेंडर की है। इसके अलावा इसमें ऐसा सिस्टम लगा हुआ है, जो मशीन में एलपीजी स्टॉक कम होने की स्थिति में आस-पास की गैस एजेंसियों को अलर्ट करता है। इससे समय पर गैस की आपूर्ति हो जाती है।
कैसे उठाएं फायदा?
फिलहाल यह सुविधा सीमित है और इसका लाभ उन उपभोक्ताओं को मिल रहा है जो क्षेत्र में भारत गैस एजेंसी से जुड़े हुए हैं। हालांकि इसे पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर शुरू किया गया है और अगर यह सफल रहा तो आने वाले समय में इसे दूसरे शहरों और क्षेत्र में भी शुरू किया जा सकता है। बता दें कि इस एटीएम से मिलने वाले सिलेंडर लोहे के नहीं बल्कि फाइबर से बने कंपोजिट सिलेंडर है। यह वजन में करीब 15 किलो के होते हैं, वहीं इनमें जंग नहीं लगती है। इसके अलावा इस्तेमाल में भी आसान होते हैं और उनकी बॉडी पारदर्शिता होती है। इससे गैस का लेवल आसानी से देखा जा सकता है।