LPG Cylinder Rate Hike 1 April 2026: आज, 1 अप्रैल 2026 से देश में नया वित्तीय वर्ष लागू हो गया है। इसके साथ ही इनकम टैक्स से लेकर बैंकिंग तक कई फाइनेंशियल बदलाव भी हुए हैं। इसी बीच, आज से कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर (Commercial LPG Gas Cylinder) महंगे हो गए हैं। देश की राजधानी दिल्ली में 19 किलो वाले कॉमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमत 195 रुपये 50 पैसे बढ़ गई है, जबकि कोलकाता में यह 218 रुपये तक महंगा हो गया है। वहीं, घरेलू रसोई गैस (14.2 किलो वाले सिलेंडर) की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
पश्चिम एशिया तनाव से महंगी हुई गैस?
दरअसल, पश्चिम एशिया में चल रहे ईरान-इजरायल के बीच युद्ध की वजह से तेल बाजार में काफी उथल-पुथल मची हुई है। होर्मुज जलडमरूमध्य बंद होने से ग्लोबल सप्लाई चेन बुरी तरह प्रभावित हुआ है, जिससे तेल कीमतों में जोरदार उछाल आया है। इसका असर अब एलपीजी पर भी दिखने लगा है। हालांकि, युद्ध जल्द खत्म होने के संकेत मिल रहे हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने हालिया बयान में कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य खुले बिना ही वे युद्ध को खत्म करने पक्ष में हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अगले 2 से 3 सप्ताह में अमेरिका, इजरायल और ईरान युद्ध खत्म हो सकता है।
पिछले महीने भी हुई थी बढ़ोतरी
बता दें कि पिछले महीने सरकार ने 14.2 किलो वाले घरेलू सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये की बढ़ोतरी की थी, जबकि 19 किलो वाले कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत 144.50 रुपये बढ़ाई थी। अब बुधवार को हुई इस नई बढ़ोतरी का सीधा संबंध ईरान और अमेरिका-इजराइल के बीच बढ़ता संघर्ष है। फरवरी के आखिर में युद्ध शुरू होने के बाद ग्लोबल ऑयल की कीमतें लगभग 50 प्रतिशत तक उछल चुकी हैं।
क्या पेट्रोल-डीजल के दाम में भी हुई बढ़ोतरी?
हर महीने की पहली तारीख को इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम जैसी सरकारी कंपनियां अंतरराष्ट्रीय बाजार के भाव और रुपये की विनिमय दर के आधार पर LPG और ATF की कीमतें तय करती हैं। मार्च 2025 में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में 2 रुपये प्रति लीटर की कटौती के बाद से इनकी कीमतें लगातार स्थिर बनी हुई हैं। दिल्ली में फिलहाल पेट्रोल 94.72 रुपये लीटर और डीजल 87.62 रुपये लीटर बिक रहा है।