LPG Gas Cylinder Rates Today: इजरायल और ईरान के बीच चल रही जंग का असर भारत में दिखने लगा है। कुछ दिन पहले देश में एलपीजी की गैस की कीमतों में इजाफा किया गया था। उसके बाद से ही देशभर में कई जगहों पर एलपीजी सिलेंडर को लेकर मारामारी मची हुई है। भले ही सरकार दावा कर रही है कि देश में एलपीजी सिलेंडर की किल्लत नहीं है, लेकिन देशभर से आ रहे वीडियो कुछ और ही कहानी बता रहे हैं।
मुंबई के अलावा कई महानगरों में गैस की कमी की वजह से होटल बंद हो गए हैं। इतना ही नहीं कई चीजों की कीमत गैस की कमी की वजह से बढ़ा दी गई हैं। आइए आज आपके शहर में गैस की कीमतों के बारे में जानते हैं।
सिलेंडर के कालाबाजारी पर सख्त यूपी सरकार
उत्तर प्रदेश में रसोई गैस की आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के साथ-साथ कालाबाजारी और अवैध बिक्री पर कड़ी नजर रखी जा रही है। राज्य सरकार द्वारा जारी एक बयान के मुताबिक मुख्यमंत्री के निर्देश पर 12 से 17 मार्च तक पूरे प्रदेश में 5,813 स्थानों पर निरीक्षण और छापेमारी की गई है। अधिकारियों ने बताया कि कार्रवाई के दौरान 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया है और 85 व्यक्तियों के खिलाफ अभियोजन की कार्रवाई की गई है।
छत्तीसगढ़ में 1,000 से ज्याद सिलेंडर जब्त
छत्तीसगढ़ में घरेलू एलपीजी की उपलब्धता सुनिश्चित करने और उसके दुरुपयोग पर रोक लगाने के लिए खाद्य विभाग एवं जिला प्रशासन द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। अब तक प्रदेशभर में 214 छापेमारी की कार्रवाई करते हुए 1013 घरेलू एलपीजी सिलेंडर जब्त किए जा चुके हैं। इनमें रायपुर जिले में सर्वाधिक 392 और बिलासपुर जिले में 201 सिलेंडर शामिल हैं।
अगर नहीं मिल रहा सिलेंडर, तो यहां करें शिकायत
एलपीजी बुकिंग एवं आपूर्ति से संबंधित शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए खाद्य विभाग का कॉल सेंटर (1800-233-3663 एवं 1967) सक्रिय है। यहां प्राप्त शिकायतों का ऑयल कंपनियों के साथ समन्वय कर प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जा रहा है, जिससे उपभोक्ताओं को समय पर राहत मिल सके।
इसके अलावा पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने मंगलवार को स्पष्ट किया कि एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए बायोमेट्रिक आधार प्रमाणीकरण (ई केवाईसी) केवल उन लोगों के लिए आवश्यक है जिन्होंने पहले यह प्रक्रिया पूरी नहीं की है, न कि सभी घरेलू एलपीजी उपयोगकर्ताओं के लिए। ये भी कहा गया है कि केवाईसी न होने पर किसी का कनेक्शन बंद नहीं किया गया है और न ही बुकिंग रद्द की गयी है।