LPG Price 1 February: बजट से पहले आम आदमी को झटका, 49 रुपये बढ़े सिलेंडर के दाम

LPG Price 1 February: बजट के दिन आम आदमी को तगड़ा झटका लगा है। एक फरवरी से गैस 49 रुपये महंगी हो गई है। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने आज से 19 किलो वाले कॉमर्शियल सिलेंडर का रेट 49 रुपये बढ़ा दिए हैं। दिया है, लेकिन 14 किलो वाले घरेलू गैस सिलेंडर के दामों में कोई बदलाव नहीं हुआ है।

Jitendra Singh
अपडेटेड1 Feb 2026, 07:07 AM IST
LPG Price Hike: 14 किलो वाले सिलेंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं हुआ है।
LPG Price Hike: 14 किलो वाले सिलेंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं हुआ है।

LPG Price Hike: आज (1 फरवरी 2026) बजट से पहले ही LPG सिलेंडर के उपभोक्ताओं को झटका लगा है। कॉमर्शियल एलपीजी (लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस) सिलेंडर और घरेलू सिलेंडर के रेट आज 1 फरवरी 2026 अपडेट हुए हैं। कॉमर्शियल सिलेंडर के दाम में 49 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। वहीं घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं किया गया है। आइए जानते हैं कितने बढ़े दाम और अब कितने का पड़ेगा एलपीजी सिलेंडर...

आज से कॉमर्शियल सिलेंडर पर दाम बढ़ गएय हैं। दिल्ली की बात करें तो जो एलपीजी कॉमर्शियल सिलेंडर अब तक 1691.50 रुपये में मिलता था। अब इसमें 49 रुपये की बढ़ोतरी हो गई है। इसके बाद सिलेंडर के दाम 1740.50 रुपये हो गये हैं। यह मई 2025 के बाद का सबसे ऊंचा स्तर है।

मुंबई-चेन्नई में कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम

वहीं कोलकाता और मुंबई में इसके दाम में 49.50 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। कोलकाता में अब 1844.50, मुंबई में कॉमर्शियल सिलेंडर अब 1642.50 की जगह 1692 रुपये में मिलेगा। चेन्नई में कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में 50 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। आज से कमर्शियल सिलेंडर 1899.50 रुपये में मिलेगा। बता दें कि साल 2026 में लगातार दूसरे महीने रेट बढ़े हैं। कॉमर्शियल गैस सिलेंडर का इस्तेमाल होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों समेत कई जगह किया जाता है।

पिछले बजट के दिन कम हुए थे LPG के दाम

आपको बता दें कि पिछले बजट डे यानी 1 फरवरी 2025 में एलपीजी कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में लोगों को थोड़ी राहत जरूर मिली थी। हालांकि यह राहत ऊंट के मुंह में जीरा जैसी थी, लेकिन बढ़ोतरी की जगह पर कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में 6.50 पैसे की कटौती हुई थी। वहीं घरेलू गैस सिलेंडर के दाम जस के तस थे।

यह भी पढ़ें | क्या इनकम टैक्स में मिलेगी राहत? वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज पेश करेंगी बजट

घरेलू सिलेंडर में नहीं हुआ बदलाव

हालांकि घरों में इस्तेमाल होने वाले सिलेंडर के दामों में कोई भी बदलाव नहीं हुआ है। घरेलू सिलेंडर के दामों में आखिरी बार बदलाव पिछले साल अप्रैल में हुए थे। दिल्ली में घरेलू सिलेंडर 853 रुपये में मिल रहा है। कोलकाता में इसकी कीमत 879 रुपये, मुंबई में 852.50 रुपये, चेन्नई में 868.50 रुपये, लखनऊ में 890.50 रुपये, अहमदाबाद में 860 रुपये है। घरेलू दामों में कोई भी बदलाव न होने से उपभोक्ता राहत की सांस ले रहे हैं।

यह भी पढ़ें | LPG Price Hike: नए साल पर महंगाई का झटका! कमर्शियल एलपीजी 111 रुपये महंगा

हर महीने की पहली तारीख को समीक्षा

पेट्रोलियम मार्केटिंग करने वाली सरकारी कंपनियां (Oil PSU) हर महीने की पहली तारीख को एलपीजी सिलेंडरों के दाम में समीक्षा करती हैं। इससे पहले, इन कंपनियों ने बीते जनवरी में भी 19 किलो वाले गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाए थे। हालांकि बीते साल दिसंबर और नवंबर में इसके दाम में क्रमश: 10 और पांच रुपये की कमी की गई थी।

ATF हुआ सस्ता

ATF Price Cut: तेल कंपनियों ने विमानन ईंधन के भाव में कटौती कर दी है। इसमें लगभग एक प्रतिशत की कटौती हुई है। यह लगातार दूसरा महीना है जब देश में विमान ईंधन की कीमत कम हुई है। इससे पहले 01 जनवरी से यह करीब 7 फीसदी सस्ता हुआ था। देश की सबसे बड़ी ऑयल मार्केटिंग कंपनी इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन से मिली जानकारी के मुताबिक, रविवार से दिल्ली में विमान ईंधन का मूल्य 929.63 रुपये (1.01 प्रतिशत) घटकर 91,393 रुपये प्रति किलोलीटर रह गया है। इससे पहले जनवरी में इसकी कीमत 7.38 प्रतिशत कम हुई थी।

कोलकाता में यह 932 रुपये (0.98 प्रतिशत) सस्ता होकर 94,446 रुपये प्रति किलोलीटर और मुंबई में 878 रुपये (1.02 प्रतिशत) सस्ता होकर 85,475 रुपये प्रति किलोलीटर का हो गया है। चेन्नई में विमान ईंधन की कीमत 988 रुपये (1.03 प्रतिशत) कम करके आज से 94,782 रुपये कर दी गई है। विमान ईंधन के दाम कम होने से पहले से वित्तीय दबाव झेल रही घरेलू विमान सेवा कंपनियों को फायदा होगा। उनके कुल व्यय का 35 से 40 प्रतिशत ईंधन पर खर्च होता है।

(वार्ता की खबर से इनपुट के साथ)

Get Latest real-time updates

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

बिजनेस न्यूज़मनीLPG Price 1 February: बजट से पहले आम आदमी को झटका, 49 रुपये बढ़े सिलेंडर के दाम
More
बिजनेस न्यूज़मनीLPG Price 1 February: बजट से पहले आम आदमी को झटका, 49 रुपये बढ़े सिलेंडर के दाम