
Luxury Housing Market: भारत में, आलीशान आवासों की माँग पारंपरिक रूप से महानगरों में सबसे ज़्यादा रही है। आलीशान फार्महाउस, पेंटहाउस या समुद्र के किनारे बने बंगले, दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, चेन्नई और अन्य जैसे उच्च आर्थिक गतिविधियों वाले शहरों में रहने वाले धनी लोगों की पसंदीदा संपत्ति रहे हैं। हालांकि, हाल ही में, टियर-2 शहर लग्जरी रियल एस्टेट के नए केंद्र के रूप में उभर रहे हैं, जहाँ बिल्डर सक्रिय रूप से भव्य परियोजनाओं की खोज और उनमें निवेश कर रहे हैं। मैजिकब्रिक्स की इंडिया लग्जरी हाउसिंग मार्केट रिपोर्ट 2025 में बताया गया है कि बढ़ती संपन्नता, बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर और सुंदर डिजाइन वाले घरों की बढ़ती चाहत ने इस बाजार को और मजबूती दी है।
बिजनेस स्टेंडर्ड में छपी रिपोर्ट के मुताबिक, दो से तीन करोड़ रुपये और तीन से पांच करोड़ रुपये की कीमत वाले घरों की मांग में जोरदार इजाफा हुआ है। मुंबई और गुरुग्राम जैसे शहरों में 10 करोड़ रुपये से ऊपर वाली महंगी प्रॉपर्टी की बिक्री में भी बढ़ोतरी हुई है। डेवलपर्स की तरफ से एक से दो करोड़, दो से तीन करोड़ और तीन से पांच करोड़ की कैटेगरी में सबसे ज्यादा सप्लाई मिल रही है। इससे मिडल और हाई इनकम वाले दोनों तरह के खरीदारों को विकल्प मिल रहे हैं।
मैजिकब्रिक्स के CEO सुधीर पाई का कहना है कि भारत के कई इलाकों में सड़कें बेहतर हुई हैं। मेट्रो कनेक्टिविटी बढ़ी है। ऐसे में नए टाउनशिप तेजी से लग्जरी हब बन रहे हैं। पहले जो इलाके शहर के बाहर समझे जाते थे, अब वो उन इलाकों में संपन्न लोग घर खरीदारी में सबसे आगे आ रहे हैं। आने वाले सालों में यही रुझान भारत के लग्जरी हाउसिंग बाजार को नई दिशा देगा।
रिपोर्ट के मुताबिक, लग्जरी घरों की औसत कीमत मुंबई में 9.68 करोड़ रुपये, गुरुग्राम में 5.46 करोड़ रुपये, बेंगलुरु में 2.91 करोड़ रुपये, हैदराबाद में 2.20 करोड़ रुपये, चेन्नई में दो करोड़ रुपये, पुणे में 1.97 करोड़ रुपये और कोलकाता में 1.50 करोड़ रुपये है। इससे साफ है कि लग्जरी बाजार अब सिर्फ कुछ शहरों में सीमित नहीं रह गया है। पूरे देश में इनकी डिमांड बढ़ रही है।
देश के कई इलाकों ने पिछले कुछ सालों में खुद को पूरी तरह बदल लिया है। इनमें नोएडा एक्सप्रेसवे, देवनहल्ली बेंगलुरु, बालीगंज कोलकाता और पोरवोरिम गोवा जैसे क्षेत्र शामिल हैं। इन इलाकों में मेट्रो परियोजनाओं, नई सड़कों, एयरपोर्ट और योजनाबद्ध टाउनशिप के कारण लग्जरी घरों की मांग कई गुना बढ़ी है।
Oops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.