DA Hike: केंद्र सरकार के फैसले के 8 महीने बाद मध्य प्रदेश सरकार ने राज्य के 7 लाख से अधिक अधिकारियों-कर्मचारियों को होली के मौके पर बड़ी राहत दी है। राज्य में मोहन यादव सरकार ने महंगाई भत्ते (DA) में 3 फीसदाी बढ़ाने का ऐलान किया है। इससे अब महंगाई भत्ता बढ़कर 58 फीसदी हो जाएगा। मौजूदा समय में यह 55 फीसदी है। त्योहार के मौके पर इस घोषणा से लाखों कर्मचारियों के चेहरे खिल उठे हैं। सरकार के फैसले के मुताबिक, सभी शासकीय सेवकों को भारत सरकार के समान अप्रैल 2026 से 58 फीसदी महंगाई भत्ता मिलेगा. इससे कर्मचारियों की सैलरी में सीधा इजाफा होगा।
बढ़ी हुई दर अप्रैल 2026 से लागू होगी और कर्मचारी-पेंशनर्स को इसका लाभ मई में मिलने वाली सैलरी और पेंशन में दिखाई देगा। हालांकि, सरकार ने वृद्धि को जुलाई 2025 से प्रभावी माना है, ऐसे में जुलाई 2025 से मार्च 2026 तक का एरियर छह समान किस्तों में दिया जाएगा। पेंशनरों को भी 58 फीसदी महंगाई राहत (DR) का लाभ मिलेगा।
केंद्र के बराबर पहुंच गया राज्यकर्मियों का भत्ता
DA में बढ़ोतरी का फैसला ऐसे समय में लिया गया है, जब रोजमर्रा की जरूरतों का खर्च थेाड़ा बढ़ रहा है। हालांकि केंद्रीय बैंक के अनुसार महंगाई नियंत्रण में है। मोहन यादव सरकार ने स्पष्ट किया है कि राज्यकर्मियों यानी एमपी के सरकारी कर्मचारियों का महंगाई भत्ता भी अब केंद्र के बराबर हो गया है। लंबे समय से राज्य के सरकारी कर्मचारी संगठनों की यही मांग थी, जो अब पूरी हो गई।
एरियर 6 किस्तों में मिलेगा
जुलाई 2025 से मार्च 2026 तक की अवधि का एरियर भी कर्मचारियों को दिया जाएगा। यह राशि मई 2026 से शुरू होकर 6 बराबर किस्तों में दी जाएगी। यानी कर्मचारियों को बढ़े हुए वेतन के साथ एरियर का भी फायदा मिलेगा। इससे आर्थिक रूप से भी काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
कर्मचारी संघ ने कहा- 8 महीने के इंतजार के बाद राहत
मध्य प्रदेश तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ के महामंत्री उमाशंकर तिवारी ने 8 माह बाद 3% महंगाई भत्ता (डीए) बढ़ाए जाने पर मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया है। उन्होंने कहा कि जुलाई 2025 से प्रदेश शासन के करीब 7.50 लाख कर्मचारियों को 3% महंगाई भत्ता देने के निर्णय का स्वागत है। तिवारी ने यह भी मांग की कि जुलाई 2025 से सेवानिवृत्त कर्मचारियों को महंगाई राहत (डीआर) देने पर भी सरकार पुनर्विचार करे। उन्होंने कहा कि जुलाई 2025 से फरवरी 2026 तक लगातार मांग के बावजूद निर्णय नहीं होने से कर्मचारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा था। मुख्यमंत्री की घोषणा से कर्मचारी वर्ग में खुशी की लहर है।
कितनी बढ़ जाएगी सैलरी और पेंशन?
अगर किसी कर्मचारी की बेसिक सैलरी यानी मूल वेतन 50 हजार रुपये है तो उसे DA के तौर पर अब 29,000 रुपये मिलेंगे। पहले उन्हें DA के तौर पर 27,500 रुपये मिलते थे। यानी उनकी सैलरी में 1,500 रुपये की बढ़ोतरी दिखेगी। बता दें कि ग्रॉस सैलरी में कई और भी भत्ते जुड़े होते हैं। वहीं जिन पेंशनर या रिटायर्ड कर्मचारी की मूल पेंशन 30,000 रुपये है, उन्हें अब DR के तौर पर 17,400 रुपये मिलेंगे। पहले उन्हें DA के तौर पर 16,500 रुपये मिलते थे। यानी उनकी पेंशन में 900 रुपये की बढ़ोतरी दिखेगी।