Maiya Samman Yojana: झारखंड की लाखों महिलाओं के लिए राहत भरी खबर है। राज्य सरकार मंइया सम्मान योजना की भुगतान व्यवस्था को और व्यवस्थित बनाने की तैयारी में है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद लाभार्थी महिलाओं को हर महीने एक तय तारीख पर ₹2,500 की सहायता राशि सीधे बैंक खाते में भेजने का लक्ष्य है।
इससे किस्त जारी होने को लेकर होने वाली अनिश्चितता कम होगी और भुगतान प्रक्रिया अधिक पारदर्शी बनेगी।
क्यों किया जा रहा है बदलाव?
मंईया सम्मान योजना का लाभ राज्य की बड़ी संख्या में महिलाओं को मिल रहा है। लाभार्थियों की संख्या लगातार बढ़ने के साथ भुगतान व्यवस्था को बेहतर बनाने की जरूरत महसूस की जा रही थी। इसी को ध्यान में रखते हुए सरकार किस्त जारी करने के लिए एक तय भुगतान चक्र पर काम कर रही है। इससे सभी पात्र महिलाओं तक सहायता राशि समय पर पहुंचाने में आसानी होगी।
51 लाख से अधिक महिलाओं को मिलेगा लाभ
योजना के तहत राज्य की करीब 51 लाख पात्र महिलाओं को आर्थिक सहायता दी जा रही है। सरकार का उद्देश्य महिलाओं को नियमित वित्तीय सहयोग उपलब्ध कराना है ताकि वे घरेलू जरूरतों और छोटे खर्चों को आसानी से पूरा कर सकें।
सीधे बैंक खाते में पहुंचेगी राशि
योजना का लाभ प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से दिया जाता है। यानी सहायता राशि सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में भेजी जाती है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद भुगतान की प्रक्रिया और अधिक सुव्यवस्थित होने की उम्मीद है।
किन महिलाओं को मिलता है योजना का लाभ?
योजना का लाभ राज्य की पात्र महिलाओं को निर्धारित नियमों के अनुसार दिया जाता है। लाभार्थी का नाम योजना की स्वीकृत सूची में होना चाहिए। साथ ही बैंक खाता और जरूरी दस्तावेज होना भी आवश्यक है, ताकि डीबीटी के जरिए राशि बिना किसी रुकावट के पहुंच सके।
भुगतान नहीं मिला तो क्या करें?
अगर किसी पात्र महिला के खाते में किस्त नहीं पहुंचती है, तो सबसे पहले बैंक खाते की जानकारी और आधार से जुड़े विवरण की जांच करनी चाहिए। इसके बाद संबंधित प्रखंड, पंचायत या योजना से जुड़े कार्यालय में संपर्क कर आवेदन की स्थिति की जानकारी ली जा सकती है।
मंईयां सम्मान योजना का ऐसे उठाएं फायदा
मईयां सम्मान योजना का फायदा उठाने के लिए सभी पात्र महिलाओं को आधार सीडिंग करना जरूरी है। आधार सीडिंग में आपको अपने बैंक खाते को आधार से लिंक कराना जरूरी है। इसके लिए आप बैंक में जाकर आधार सीडिंग फॉर्म भर सकते हैं। ग्राम पंचायत स्तर पर भी कैंप लगाए जा रहे हैं।
इसके साथ ही मंईयां सम्मान योजना का लाभ उठाने के लिए ई-केवाईसी भी जरूरी है। अगर आपने भी अभी तक ई-केवाईसी नहीं कराई है तो जल्द करा लें। ई-केवाईसी न होने पर योजना का पैसा खाते में नहीं आएगा।