Silver Rate Today 3 Feb 2026: पिछले कुछ दिनों से भारी गिरावट के बाद चांदी में आज एक बार फिर से तेजी लौटी है। मंगलवार, 3 फरवरी को इंटरनेशनल बुलियन में तेजी के बाद घरेलू बाजार में भी तेज उछाल के साथ ओपनिंग हुई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर मार्च के कॉन्ट्रैक्ट डिलीवरी वाली चांदी 4% के उछाल के साथ 2,45,711 रुपये प्रति किलो के भाव पर कामकाज के लिए खुली, जबकि दिन के कारोबार के दौरान इसमें 14% से ज्यादा का भारी उछाल आया और यह 270398 लाख रुपये प्रति किलो के भाव पर पहुंच गई।
MCX सोने के भाव में 7% तक की तेजी
वहीं, MCX पर अप्रैल की एक्सपायरी वाला सोना 2.78% के तेजी के साथ 1,48,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर खुला, जबकि सोमवार को 1,41,669 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर बंद हुआ था। वहीं, दिन के कामकाज के दौरान यह लगभग 7% चढ़कर 153460 रुपये के भाव तक पहुंच गया था।
क्या सोना-चांदी की कीमतों में गिरावट का दौर खत्म?
जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के कमोडिटी रिसर्च हेड हरीश वी. ने कहा, 'सोना और चांदी पिछले हफ्ते की जबरदस्त गिरावट के बाद अब थोड़ा-थोड़ा संभलते दिख रहे हैं। दोनों की कीमतों में हल्की-फुल्की बढ़त आई है। निवेशक अब यह समझने की कोशिश कर रहे हैं कि यह गिरावट कोई बड़ा स्थायी बदलाव था या बस थोड़ी ज्यादा गिरावट आ गई थी। मौजूदा समय में सोने-चांदी पर बुलिश ट्रेंड बरकरार हैं। लॉन्ग टर्म के लिए फंडामेंटल भी मजबूत बना हुआ है।
पिछले हफ्ते की भारी गिरावट ज्यादातर कुछ तात्कालिक कारणों से हुई। इनमें मार्जिन बढ़ना, डॉलर का मजबूत होना और फेड चेयरमैन की नियुक्ति को लेकर ट्रेडर्स का पोजीशन बदलना शामिल है। आगे चलकर बाजार में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। धीरे-धीरे रिकवरी हो सकती है, लेकिन अगर कीमतें पिछले हफ्ते के सबसे निचले स्तर को तोड़ देती हैं, तो फिर बिकवाली का दबाव बढ़ सकता है। अभी के लिए पिछले हफ्ते के निचले स्तर ही अहम सपोर्ट के तौर पर काम कर रहे हैं।'